
विदिशा: मध्यप्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिये पुलिस ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। इसी बीच, विदिशा में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुये दो आरोपियों को दबोचा है। जिनके पास से मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार, जिले में ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत शमशाबाद पुलिस ने 29.94 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ आरोपियों को दबोचा है। आरोप है कि दोनों लटेरी-शमशाबाद रोड पर ग्राम कोलुआ के पास बिना नंबर की स्कूटी से मादक पदार्थ ले जा रहे थे। जब्त ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है।
दो पैकेटों पर रखीं की ब्राउन शुगर
पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थ ब्राउन शुगर दो अलग-अलग पैकेट में रखी गई थी। एक पैकेट से 23.40 ग्राम और दूसरे में 6.54 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश तवर (20), निवासी कोटड़ी, जिला झालावाड़ (राजस्थान) और सौरभ राजपूत (24), निवासी गल्ला मंडी रोड, विदिशा के रूप में हुई है।
पुलिस ने 4.44 लाख का मशरूका किया जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ब्राउन शुगर के अलावा स्कूटी, करीब 24 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किये हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त किये गये मशरूका की कुल कीमत 4 लाख 44 हजार 250 रुपये बताई गई है।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। इसके साथ ही नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क और आरोपियों के संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अवैध नशे के कारोबार पर #विदिशा_पुलिस की कार्रवाई! थाना शमशाबाद पुलिस ने 29.94 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह के 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया। ब्राउन शुगर, स्कूटी, नकदी एवं 03 मोबाइल सहित कुल ₹4,44,250 की सामग्री जप्त।
#MPPolice #VidishaPolice #AntiDrugCampaign https://t.co/D3A8gfOFN0— @SP_VIDISHA_MP (@sp_vidisha) November 7, 2026
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.


