झमाझम बारिश से बढ़ा सम्राट अशोक सागर बांध का जलस्तर, बेतवा नदी पर भी प्रशासन की नजर, अलर्ट जारी

विदिशा में लगातार बारिश देखने को मिल रही है। इस वजह से यहां के सम्राट अशोक सागर बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बेतवा नदी फिलहाल खतरे के निशान से काफी नीचे है लेकिन सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
Vidisha

मध्य प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों झमाझम बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। विदिशा जिले में भी पिछले दो दिनों से मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। इसी बीच यहां के सम्राट अशोक सागर बांध का जलस्तर भी तेजी से बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है।

जिले में एक जून से अब तक हुई बारिश की बात करें तो इसका आंकड़ा 698.8 मिमी है, जो यहां होने वाली साल की सामान्य बारिश के आंकड़े 1075.50 मिलीमीटर से 35 प्रतिशत कम है। उधर बेतवा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है।

बढ़ रहा बेतवा का जलस्तर

विदिशा की बेतवा नदी फिलहाल खतरे के निशान से 20 फीट नीचे बह रही है। ऐसे में चिंता की कोई बात नहीं है। लेकिन लगातार हो रही बारिश की वजह से प्रशासन द्वारा लगातार नदी की जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। बेतवा नदी गेज पर फिलहाल जलस्तर 1353.60 फीट दर्ज किया गया है।

सम्राट अशोक सागर बांध का जलस्तर

बारिश की वजह से सम्राट अशोक सागर बांध के जलस्तर में भी वृद्धि देखने को मिल रही है। शुक्रवार को यहां जलस्तर 458.5 मीटर था। यहां पानी की मात्रा बढ़ने के बाद जल भराव 77.56 प्रतिशत पहुंच चुका है।

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

बांध और नदी के जलस्तर और लगातार हुई बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों से नदी, घाट और जल भराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है। यह भी कहा गया है की नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में जाने की कोशिश ना करें घाट पर बैठकर ही स्नान करें। बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाकर लोगों से उनका पालन करने को कहा गया है। निचले इलाकों और नदी तालाब के पास रहने वाले लोगों को जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews