ग्रामीण जोड़े ने जीवन में पहली बार खिंचवाई फोटो, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दिल छूने वाला वीडियो

फोटो खींचना कोई ऐसी बात तो नहीं, जिसपर चर्चा हो। खासकर आज के समय में जब मोबाइल फोन के कैमरा ने इसे एक सहज प्रक्रिया बना दिया है। लेकिन हम शायद भूल जाते हैं कि जो बात हमारे लिए रोजमर्रा की आदत है, वो किसी के लिए जीवनभर का सपना भी हो सकती है। ये वीडियो देखकर एकबारगी आपका मन भी भर आएगा।
Social Media Viral Video

Social Media Viral : आजकल जब हरेक के हाथ में स्मार्टफोन है..फोटो खींचना जैसे बच्चों का खेल हो गया है। पलक झपकते ही आप मनचाही तस्वीर ले सकते हैं। सेल्फी मोड में अपनी तस्वीरें खींच सकते हैं। ऐसे में क्या इस बात की कल्पना की जा सकती है कि किसी जोड़े ने जीवन में कभी फोटो ही न खिंचाई हो।

जो बात हमारे लिए चुटकियों का खेल होती है..शायद वो किसी के जीवनभर का अरमान हो। या फिर ऐसी अव्यक्त इच्छा जो कभी कही ही न गई। या, आंखें छलछला जाए ऐसी खुशी। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक ग्रामीण बुजुर्ग जोड़ा है..और उसकी फोटो पहली बार खींची गई है। इसके बाद उनका रिएक्शन देखते ही बनता है।

सोशल मीडिया वायरल वीडियो

ये वीडियो इंस्टाग्राम पर आकाश उपाध्याय नाम के शख्स के अकाउंट से पोस्ट किया गया है। उन्होंने सड़क से गुज़र रहे एक ग्रामीण युगल को रोका और उनके पूछा ‘एक फोटो खिचवाएंगे।’ जब उन्होंने हामी भर दी तो आकाश उन्हें पास के खेतों में ले गए और उनकी फोटो खींची। इसके बाद उन्होंने कुछ देर उनसे बातचीत की और खाने के लिए मीठा भी दिया। इतनी देर में फोटो का प्रिंट भी निकल आया जो उन्होंने उस युगल के हाथ में थमा दिया।

बुजुर्ग युगल ने पहली बार खिंचाई फोटो 

अपनी फोटो देखकर उनके चेहरे पर आई हंसी देखने वाली थी। जब उनसे पूछा गया कि इससे पहले फोटो कब खिंचाया था तो महिला ने कहा कि आज से पहले उन्होंने कभी फोटो नहीं खिंचाई। ये हैरान करने वाला जवाब था। अपना फोटो हाथ में लेकर  महिला ने कहा कि ‘हम नहीं रहेंगे तो बच्चे देखेंगे कि ये हैं मम्मी पापा’। फिर अपनी तस्वीरें लेकर वो लोग अपनी राह चले गए। इस वीडियो को अब तक साढ़े तीन मिलियन से ज्यादा व्यूअर्स देख चुके हैं। इस वीडियो पर लोगों के बहुत इमोशनल कमेंट आ रहे हैं। एक ने लिखा है ‘रुला दिया आपने’ तो दूसरे यूजर ने लिखा है कि ‘शायद ये मेरी अब तक की देखी गई सबसे अच्छी रील है।’ और इसी के साथ वो जोड़ा जिसने आज तक कभी अपनी फोटो तक भी नहीं खिंचाई थी, अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि वो शायद इस बात को न जान पाएं..लेकिन दुनिया उन्हें देख रही है और खूब सारी दुआएं भी दे रही हैं। साथ ही फोटो खींचने वाले आकाश उपाध्याय को भी बहुत सारा प्यार मिल रहा है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews