
Social Media Viral : ज़िंदगी में सबसे खूबसूरत जज़्बात है प्यार। और वो प्यार अगर मां का हो तो फिर उसकी तुलना हो ही नहीं सकती। मां को न सिर्फ अपने बच्चों से बल्कि उनकी छोटी से छोटी चीज़ से भी प्यार होता है। अक्सर ही घरों के पुराने बक्सों में बच्चों के सालों पुराने कपड़े, किताबें और उनकी अन्य निशानियां मिल जाती हैं जो उनकी मां ने सहेजकर रखी होती है। जैसे जैसे बच्चा बड़ा होता जाता है, मां का प्यार भी बढ़ता ही रहता है। ऐसा ही एक भावुक वाकया इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दंत चिकित्सक विक्रम एस बुद्धनेसन ने ट्विटर पर एक पोस्ट शेयर की है। हालांकि ये कुछ दिन पुरानी है लेकिन अब तेजी से वायरल हो रही है। इसमें उन्होने एक साधारण सी स्टील की थाली की तस्वीर लगाई है और लिखा है कि उनकी मां 24 साल तक इसी प्लेट में खाना खाती रहीं। उन्होने सिर्फ विक्रम को और उनकी भतीजी को इसमें खाने की इजाज़त दी थी। उनके सिवा कोई इस प्लेट में कभी खाना नहीं खा पाया। लेकिन इस सामान्य सी प्लेट में आखिर ऐसा क्या खास है। ये राज़ उनकी मां के निधन के बाद खुला जब उनकी बहन ने उन्हें बताया कि ये प्लेट विक्रम ने 1999 में जीती थी जब वो सातवीं कक्षा में थे। उनकी ये उपलब्धि उनकी मां के लिए इतनी बड़ी थी कि वो चौबीस साल तक न सिर्फ इस प्लेट को सहेजे रहीं, बल्कि हमेशा इसी में खाना खाया।
अब मां के जाने के बाद जब विक्रम को ये बात पता चली तो वो अपने आंसू नहीं रोक पाए। पोस्ट में उन्होने भावुक होकर लिखा है ‘ये अम्मा की प्लेट है जिसमें वो पिछले दो दशक से खाना खा रही थीं। उन्होने सिर्फ मुझे और मेरी भतीजी को इसमें खाने की परमिशन दी थी। उनके जाने के बाद अब मैं अपनी बहन के जरिये जान पाया हूं कि ये प्लेट मैंने इनाम में जीती थी।’ इस वीडियो को अब तक हजारों लाइक्स मिल चुके हैं और लोग बेहद इमोशनल कमेंट्स कर रहे हैं। किसी ने लिख है ‘अम्मा हमेशा आपके साथ है’ तो कोई लिख रहा है ‘मां के प्यार की कोई तुलना नहीं है।’ पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
https://twitter.com/vsb_dentist/status/1615940080073596928?s=20&t=MJLikeljIS1suq-47bJZPQ
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

