
Balaghat News : मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में पुलिस ने किसानों से नकली खाद, बीज और कीटनाशक दवा मामले में फरार चल रहे आरोपी वारासिवनी थाना क्षेत्र के नरोड़ी निवासी 32 वर्षीय अजय पिता गोमाजी कटरे और खरखड़ी निवासी 27 वर्षीय पौरूष पिता विजय भगत को गिरफ्तार किया था। जो विगत 14 जुलाई से वारासिवनी थाने में दर्ज मामले में फरार चल रहे थे। जिसमें अजय कटरे से पूछताछ में पुलिस ने खाद कंपनियों के दलाल सिवनी निवासी जमील अंसारी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। जिले में अब तक इस मामले में वारासिवनी थाने में दर्ज दो अपराध में पुलिस 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि जिले में किसानों को नकली खाद, बीज और कीटनाशक दवाओं को ब्रांडेड कंपनी के नाम से बेचकर धोखाधड़ी करने वाले एग्रीजोन कृषि केन्द्र संचालक नरोड़ी निवासी अजय कटरे, खरखड़ी निवासी पौरूष भगत और जुबिलेंट एग्री एंड कंजुमर प्रा.लि. सिंहपुर राजस्थान एवं बायो फर्टिलाईजर्स परमालकसा राजनांदगांव के खिलाफ वारासिवनी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 318(4), 3(5), आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3,7, उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 की धारा 7,8,35,19, बीज अधिनियम 1966, बीज (नियंत्रण) आदेश 1983 की धारा 9, कीटनाशी अधिनियम 1971 की धारा 3, 13(1), 10(1)(डी) के तहत कृषि विभाग के महिला अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध कायम कर विवेचना में लिया था।
जबकि जिले में 13 जुलाई का सामने आए पहले मामले में वारासिवनी क्षेत्र के कोस्ते में मुनेश्वर चौहान के घर से कृषि विभाग की टीम ने पुलिस की मदद से 2 वाहन के माध्यम से खाली हो रही और भंडारित की गई नकली डीएपी और सुपर फास्फेट की 72 बोरियों को जप्त किया था। जिन पर आरोप था कि ब्रांडेड खाद कंपनी इफको के बोरियो में यह नकली खाद भरकर किसानों को बेचकर धोखाधड़ी कर रहे है। जिसमें कृषि विभाग के अधिकारी की शिकायत पर वारासिवनी पुलिस ने उवर्रक निर्माण कंपनी देवास के साथ ही सिद्धि विनायक कृषि केंद्र वारासिवनी के संचालक दीक्षांत जैतवार, मुनेंद्र चौहान और अजित रमेश के खिलाफ एफआईआर कराई गई थी। जिसमें पुलिस ने चार आरोपियों 54 वर्षीय रमेश अजीत, 24 वर्षीय दीक्षांत जैतवार, 35 वर्षीय कोस्ते निवासी मुवनेश्वर, 33 वर्षीय विनय बिसेन पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया था। जबकि गत दिवस एग्रीजोन कृषि केन्द्र के संचालक नरोडी निवासी 32 वर्षीय अजय पिता गोमाजी कटरे और उसके साथी खरखड़ी निवासी 27 वर्षीय पौरूष पिता विजय भगत को गिरफ्तार किया है।
बालाघाट से सुनील कोरे की रिपोर्ट
