पिता ने तीन बच्चों का गला दबाकर खुद फांसी लगाई, दो बच्चों सहित पिता की मौत

पिता ने तीन बच्चों का गला दबाकर खुद फांसी लगाई, दो बच्चों सहित पिता की मौत

बालाघाट, सुनील कोरे। जिले के रूपझर थाना अंतर्गत सोनगुड्डा चौकी में एक पिता ने अपने दो बच्चों की हत्या कर खुद भी आत्महत्या कर ली। चारटोला की पहाड़ी पर स्थित कछारटोला में पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर तीन मासूम बच्चों को अपने साथ लेकर वापस लौटा और रास्ते के जंगल में तीनों बच्चों का गला दबाकर स्वयं फांसी पर लटक गया। इस दर्दनाक घटना में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक वर्षीय मासूम के जीवित होने पर उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि घटना आज सुबह की है, रूपझर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक कछारटोला निवासी 27 वर्षीय अंतु उर्फ भूरा पिता धमनसिंह पुसाम की पत्नी तीन बच्चों को लेकर मायके गई थी। अंतु पत्नी को वापस लाने गांव से लगभग चार किलोमीटर दूर ग्राम सोनपुरी अंतु गया था। लेकिन पत्नी ने आने से मना कर दिया। जिसके बाद अंतु तीनों लड़को को अपने साथ लेकर आ गया और रास्ते में उसने तीनो बच्चों का गला दबा दिया। इसके बाद उसने खुद पेड़ से फांसी लगा ली। इस घटना में पिता अंतु पुसाम सहित 6 वर्षीय पुत्र समीर पिता अंतु पुसाम और 4 वर्षीय कैलाश पिता अंतु पुसाम की मौत हो गई।

सोनगुड्डा चौकी से मिली जानकारी अनुसार मृतक के रिश्तेदार अंकुश पुसाम ने बच्चों की आवाज सुनकर जब घटनास्थल पहुंचा तो देखा कि अंतु पुसाम फांसी पर लटका था, जबकि उसके पैर के पास ही तीनो मासूम जमीन पर थे। जिसमें एक वर्षीय मासुम आकाश की सांसे चल रही थी। जिसके बाद उसने घटना की जानकारी ग्रामीणो को दी। जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को मिली। जानकारी मिलने के बाद रूपझर थाना प्रभारी और सोनगुड्डा चौकी का बल घटनास्थल पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक अंतु और दोनों बच्चों का शव बरामद कर उन्हें पीएम के लिए उकवा अस्पताल भिजवाया है। जबकि मासूम आकाश को  इलाज के लिए जिला चिकित्सालय लाकर भर्ती कराया गया है। बहरहाल अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि घटना की वास्तविक वजह क्या है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि पत्नी के मायके चले जाने से अंतु मानसिक तनाव में था और जब वह उसे घर लाने पहुंचा और वह उसके साथ नहीं लौटी तो उसने पुत्रों की गला दबाकर हत्या करने के बाद स्वयं भी फांसी पर लटककर अपनी जान दे दी।

घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने बताया कि घटना में एक पिता द्वारा अपने बच्चों की गला दबाकर हत्या किये जाने और फिर फांसी पर लटक जाने की जानकारी मिली है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि घटना की वजह क्या है? मामले में रूपझर पुलिस घटनास्थल पहुंचकर जांच कर रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews