MP Cabinet Expansion : नए मंत्रियों को विभागों का आवंटन, राजेंद्र शुक्ला को जनसंपर्क का दायित्व, राहुल लोधी को स्वतंत्र प्रभार सहित राज्य मंत्री का दर्जा

MP Cabinet Expansion : नए मंत्रियों को विभागों का आवंटन, राजेंद्र शुक्ला को जनसंपर्क का दायित्व, राहुल लोधी को स्वतंत्र प्रभार सहित राज्य मंत्री का दर्जा

MP Cabinet Expansion, Allocation Of Department : आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया है। मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए तीन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी। वहीं बुधवार देर शाम नए मंत्रियों को विभाग का भी आवंटन कर दिया गया है।

दिलाई गई थी मंत्री पद की शपथ

मध्य प्रदेश में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने है। इससे पहले शिवराज सरकार द्वारा मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया था। तीन विधायक गौरी शंकर बिसेन, राहुल लोधी सहित राजेंद्र शुक्ला को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी। जिसके बाद अब उन्हें विभाग आवंटित किए गए हैं। तीन और मंत्रियों के कैबिनेट में शामिल होने के साथ ही शिवराज कैबिनेट में सदस्यों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है। वही मंत्रिमंडल में केवल एक पद खाली रह गए हैं।

नए मंत्रियों को विभाग आवंटित

गौरी शंकर बिसेन को नर्मदा घाटी विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजेंद्र शुक्ला को जनसंपर्क और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का दायित्व सौंपा गया है। इससे पूर्व भी कैबिनेट मंत्री राजेंद्र शुक्ला जनसंपर्क विभाग का प्रभार संभाल चुके हैं। बता दे कि गौरी शंकर बिसेन और राजेंद्र शुक्ला को मिलने वाले विभाग अभी तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पास थे।

वहीं राहुल सिंह लोधी पहली बार मंत्री बने हैं। उन्हें कुटीर और ग्राम उद्योग विभाग का स्वतंत्र प्रभाव सौंपा गया है। साथ ही उन्हें वन विभाग का राज्य मंत्री बनाया गया है।

चुनाव से पहले कैबिनेट विस्तार 

इससे पहले शिवराज कैबिनेट में तीन नए विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी। जिसमें विंध्य क्षेत्र से राजेंद्र शुक्ला को जबकि बुंदेलखंड से राहुल लोधी को मंत्रिमंडल में जगह मिली थी। महाकौशल से गौरीशंकर बिसेन को चुना गया था। समारोह में राज्यपाल मंगू भाई छगन भाई पटेल द्वारा तीनों विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी। अब उन्हें विभाग का आवंटन किया गया है।

विधानसभा चुनाव से पहले विंध्य सहित महाकौशल और बुंदेलखंड क्षेत्र में समीकरण साधने की तैयारी की गई है।गौरी शंकर बिसेन अन्य पिछड़े वर्ग से आते हैं और महाकौशल क्षेत्र में उनका खासा प्रभाव माना जाता है जबकि राजेंद्र शुक्ला को ब्राह्मणों का बड़ा नेता माना जाता है और विंध्य क्षेत्र में वह काफी प्रभावशाली माने जाते हैं। राहुल लोधी पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के भतीजे हैं और खरगापुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

राजेंद्र शुक्ला रीवा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं जबकि बालाघाट विधानसभा क्षेत्र से गौरीशंकर विधायक हैं। हालांकि सरकार की इस तैयारी का आगामी चुनाव में महाकौशल सहित विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र पर क्या प्रभाव पड़ेगा, यह तो आने वाला समय ही बताएगा। फिलहाल इन मंत्रियों को विभाग का आवंटन किया गया है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews