भोपाल की आकृति मेहरा ने मशहूर सिंगर जावेद अली के साथ गाया सॉन्ग, दो दिन में मिले 2.9 मिलियन व्यूज़

भोपाल की आकृति मेहरा ने मशहूर सिंगर जावेद अली के साथ गाया सॉन्ग, दो दिन में मिले 2.9 मिलियन व्यूज़

Aakriti Mehra duet song with Javed Ali : भोपाल के ताज में एक और नगीना जड़ा है। राजधानी की युवा गायिका आकृति मेहरा ने मशहूर बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर जावेद अली के साथ एक डुएट सॉन्ग गाया है। ‘इश्क हुआ’ टाइटल से ये सॉन्ग वैलेंटाइन डे पर रिलीज़ किया गया और इसे अब तक 2.9 मिलियन व्यूज़ मिल चुके हैं। इस सॉन्ग को संगीतकार जोड़ी जावेद-मोहसिन ने कम्पोज़ किया है।

ऐसे हुई गाने की शुरूआत

आकृति को बचपन से ही गाने का शौक था। हमारे साथ बातचीत में उन्होने बताया कि बचपन में जब वो अपने मम्मी पापा के साथ ड्राइव पर जाती थीं तो गुनगुनाया करती थीं। तभी उनके घरवालों ने उनके टैलेंट को पहचाना और फिर इसे बढ़ावा दिया। इसके बाद उन्होने विधिवत संगीत की शिक्षा लेना शुरू किया। आकृति ने 2016 में अपना चैनल बनाया और इसके बाद उन्हें पहचान मिलनी शुरू हुई। साल 2019 में उन्होने अपना पहला ओरिजनल सॉन्ग ‘तनहाइया’ यूट्यूब चैनल पर डाला और इसे बहुत पसंद किया गया। आकृति ने कहा कि जावेद अली के साथ गाने का मौका मिलना उनके लिए एक बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण अवसर है और इस गाने को रिलीज के साथ ही काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। आकृति ने बताया कि वो भविष्य में इसी क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं। वे जावेद-मोहसीन के साथ पिछले करीब एक साल से जुड़ी हुई हैं उनके साथ काम कर रही हैं। इसी के साथ मुंबई में कुछ अन्य प्रोजेक्ट्स भी चल रहे हैं। वहीं अपने यूट्यूब चैनल के लिए भी वो ओरिजनल सॉन्ग बना रही हैं।

परिवार ने किया प्रेरित

आकृति मेहरा ने सिविल इंजीनियरिंग की है और उनके पिताजी आरके मेहरा भी सिविल इंजीनियर हैं। आकृति कहती हैं कि उन्हें पापा ने हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और परिवार के सहयोग के कारण ही वो अपने पैशन को करियर के रूप में चुनने का फैसला ले पाईं। उन्होने स्कूल से ही स्टेज शो करने शुरू कर दिए थे और भारतीय टेलीविजन के प्रतिष्ठित 19 वें आईटीए अवार्ड 2019 में भी प्रस्तुति दी थी। यहां उन्होने मध्यप्रदेश गान ‘प्यारो मध्य प्रदेश’ गाया था, जिसे काफी सराहना मिली। उनका कहना है कि कड़ी मेहनत और समर्पण भाव से अगर कोई काम किया जाए तो सफलता जरूर मिलती है। अब तक 400 से अधिक स्टेज शो कर चुकी आकृति एक प्रोफेशनल सिंगर बनना चाहती हैं और जावेद अली के साथ उनके गीत को मिल रहे रिस्पॉन्स को देखकर लगता है कि उनका सपना जल्द ही साकार होगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews