
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, मध्य प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए चलाई जा रही राज्य की सबसे बड़ी योजना है। इस योजना के तहत प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये यानी सालाना 18,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
अक्टूबर में 41वीं किस्त जारी होने के बाद अब प्रदेश की लाड़ली बहनों को नवंबर में जारी होने वाली 42वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार है। आमतौर पर हर महीने की 10 से 15 तारीख के बीच मोहन सरकार द्वारा DBT के माध्यम से योजना की किस्त सीधे पात्र महिलाओं के खातों में भेजी जाती है।
संभावना जताई जा रही है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए नवंबर की किस्त दीपावली से पहले ही महिलाओं के खातों में भेजी जा सकती है। हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया गया है। इससे पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने 14 अक्टूबर को उमरिया से योजना की 41वीं किस्त जारी की थी।
मई 2023 में शुरू हुई थी योजना
बता दें कि मई 2023 में लाड़ली बहना योजना शुरूआत की गई थी। 10 जून 2023 को योजना की पहली किस्त जारी की गई थी। योजना के प्रारंभ में प्रत्येक पात्र महिला को 1,000 रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जाते थे। अक्टूबर 2023 में राशि 1000 से बढ़ाकर 1,250 रुपये प्रतिमाह की गई। इसके बाद नवंबर 2025 से राशि में पुनः 250 रुपए की वृद्धि कर इसे 1,500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया। इसके अतिरिक्त रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई है।
वर्तमान में मिलते हैं 1500 रुपए प्रति माह
वर्तमान में पात्र बहनों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना में ऐसी पात्र लाभार्थी महिलाओं को भी प्रावधान के अनुसार लाभ दिया जा रहा है, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से प्रतिमाह 900 रुपये प्राप्त हो रहे हैं। इस व्यवस्था के तहत उन्हें अंतर की राशि उपलब्ध कराई जा रही है ।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर 2026 तक योजना के अंतर्गत 11,300 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है।
कैसे चेक करें लिस्ट में अपना नाम/भुगतान की स्थिति?
- सबसे पहले लाड़ली बहना योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://cmladlibahna.mp.gov.in पर जाएं।
- होम पेज पर “आवेदन एवं भुगतान की स्थिति” वाले विकल्प पर क्लिक करें।
- नए पेज पर अपना आवेदन क्रमांक / सदस्य समग्र आईडी दर्ज करें।
- दिया गया कैप्चा कोड भरें और OTP भेजें पर क्लिक करें।
- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आया OTP डालकर वेरिफाई करें।
- वेरिफाई होने के बाद Search बटन पर क्लिक करें, आपकी पूरी भुगतान स्थिति स्क्रीन पर आ जाएगी।
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

