
Bhopal Police Commissioner issues strict orders
अपराध के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे मध्य प्रदेश सरकार के अभियान में भोपाल क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी ने बताया की क्राइम ब्रांच द्वारा टीकमगढ़ में एक हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई है। इस फैक्ट्री का खुलासा मछली परिवार के गुर्गों के पास से पकड़े गए हथियारों की छानबीन के बाद लगा है।
इस फैक्ट्री से जुड़े पांच लोगों को मामले में गिरफ्तार किया गया है, जिनके परिवार में तीन पीढ़ी से लगातार हथियार बनाने का काम चला आ रहा है। इन लोगों के द्वारा मुख्यतः इन हथियारों की सप्लाई मध्य प्रदेश के सीमावर्ती राज्यों के इलाकों में की जाती थी।
कुटीर उद्योग की आड़ में बना रहे थे हथियार
इस मामले में जो सबसे बड़ी बात सामने आई है वह यह है कि फैक्ट्री कुटीर उद्योग और कृषि उपकरण बनाने की आड़ में चल रही थी। इसकी आड़ में परिवार द्वारा पिस्तौल बनाने का कारखाना चलाया जा रहा था। इस मामले में उत्तर प्रदेश के झांसी से भी कुछ तार जुड़ रहे हैं, जिनकी तफ्तीश क्राइम ब्रांच द्वारा लगातार की जा रही है। दरअसल, हाल ही में क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए बाइक सवार युवक को पकड़ा गया। जांच में उसके पास से पिस्तौल बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यह पिस्तौल लगभग 35 हजार रुपए में बेचता था। जिससे आगे कड़ाई से पूछा गया तब इस बात का खुलासा हुआ और आज इस कार्रवाई को टीम द्वारा किया गया।
#भोपाल_पुलिस की बड़ी कार्रवाई-
टीकमगढ़ जिले में संचालित अवैध आर्म्स फैक्ट्री और अंतर्राज्यीय हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़ ✅
-40 साल से सक्रिय परिवार का खुलासा
-दो फैक्ट्री से भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण एवं हथियार जप्त
-मुख्य आरोपी सुरेंद्र विश्वकर्मा सहित कई गिरफ्तार pic.twitter.com/U83eFKnjiA— Commissioner of Police, Bhopal (@CP_Bhopal) September 1, 2025
आरोपी पेशे से मिस्त्री
पुलिस कमिश्नर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि उद्योग के नाम पर लगाई गई फैक्ट्री में करीब 8 से 10 साल पुरानी मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस मशीन को लाने की जानकारी किन-किन लोगों को थी, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। फैक्ट्री को घर के ही सदस्य मिलकर चला रहे थे, ताकि बाहरी लोगों की वजह से राज न खुले। स्थानीय लोगों को यह भ्रम था कि यहां कृषि उपकरण बनाए जा रहे हैं। कारखाना संचालित करने वाले सुरेंद्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो कि मूल रूप से रामगढ़ का रहने वाला है और पेशे से मिस्त्री है। गाड़ियों की बॉडी बनाने के नाम पर उसने वर्षों तक अवैध हथियार बनाया। अनुमान लगाया जा रहा है कि कहीं-न-कहीं यह मामला भोपाल के मशहूर मछली परिवार से जुड़ी हुई हैं।
[dgv_vimeo_video id=”1114817884″]
अपराध में आई कमी
अपराध नियंत्रण पर सवालों के जवाब में कमिश्नर ने कहा कि पुलिस लगातार अपराधों पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाती है। कमिश्नर ने आगे बताया कि सभी जिलों में 10 बड़े अपराधियों को चिन्हित कर उनकी निगरानी की जा रही है। लगातार कार्रवाई के चलते अपराध के मामलों में पिछले वर्ष की तुलना में इस साल कमी दर्ज की गई है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.



