राजधानी भोपाल में फिर दिखा टाइगर, अमरनाथ रोड से जागरण लेक सिटी जाने वाले रास्ते पर दहशत

भोपाल के अमरनाथ रोड से जागरण लेक सिटी जाने वाले रास्ते पर गुरुवार रात गश्त के दौरान पुलिस को सड़क किनारे एक टाइगर बैठा दिखाई दिया। 16 सेकंड का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
टाइगर

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल शहर के पॉश इलाके कहे जाने वाले अमरनाथ रोड से जागरण लेक सिटी की तरफ जाने वाले रास्ते पर गुरुवार रात को अचानक एक टाइगर का मूवमेंट देखा गया है।

दरअसल कोलार थाना पुलिस की डायल-112 टीम जब गश्त पर थी, तब उन्हें यह टाइगर सड़क किनारे साफ नजर आया। इस घटना का एक 16 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है जिसमें टाइगर सड़क के किनारे लगी जाली के पार बड़े आराम से बैठा हुआ दिखाई दे रहा है।

वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही आसपास के इलाकों और कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के बीच डर का माहौल बन गया है।

यह पूरा इलाका वैसे भी बाघों का पुराना भ्रमण क्षेत्र माना जाता है और यहां पहले से ही कई बाघों की मौजूदगी दर्ज की जाती रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने इस रास्ते से गुजरने वाले सभी लोगों और वाहन चालकों को पूरी तरह से सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी है।

बाघ मित्र राशिद नूर ने दी जानकारी

इस पूरे मामले को लेकर वन्यजीव प्रेमी और बाघ मित्र राशिद नूर ने बहुत ही दिलचस्प और अहम बात साझा की है।

उनका कहना है कि कलियासोत डैम, चंदनपुरा और केरवा समेत आसपास के जंगलों में कई बाघ पहले से मौजूद हैं और अब एक बार फिर से उनका मूवमेंट बढ़ गया है। उनका यह भी मानना है कि जब-जब शहर में मास्टर प्लान या शहरी विस्तार की चर्चा तेज होती है, तब-तब बाघ जंगल और शहर की सीमाओं का अहसास कराने खुद सामने आ जाते हैं।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews