दीपावली पर जीतू पटवारी ने सीएम डॉ. मोहन यादव को लिखा पत्र, किसानों-महिलाओं और युवाओं के लिए दिए सात सुझाव

कांग्रेस नेता ने कहा कि दीपावली सिर्फ रोशनी का पर्व नहीं बल्कि खुशहाली, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होंगी जब प्रदेश के हर परिवार को आर्थिक सुरक्षा और खुशहाली मिलेगी।
MP Congress

Jitu Patwari

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दीपावली और धनतेरस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने प्रदेश के किसानों, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण श्रमिकों को आर्थिक राहत देने के लिए सुझाव दिए हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होंगी जब प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में आर्थिक खुशहाली और सुरक्षा हो। कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री के समक्ष सात प्रमुख सुझाव रखे हैं।

1. किसानों को MSP पर 48 घंटे में भुगतान की मांग

जीतू पटवारी ने किसानों की उपज, विशेषकर सोयाबीन और धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य एवं घोषित बोनस समय पर देने की मांग की। उन्होंने खरीदी केंद्रों पर भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।

2. छोटे व्यापारियों के लिए ब्याजमुक्त ऋण योजना

स्थानीय बाजारों, कुम्हारों, हस्तशिल्पियों और छोटे दुकानदारों को प्रोत्साहित करने के लिए आसान शर्तों पर ब्याजमुक्त ऋण अथवा विशेष अनुदान योजना शुरू करने की मांग की। साथ ही घरेलू उपयोग की वस्तुओं और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर स्थानीय करों में राहत देने का सुझाव दिया है।

3. महिलाओं के लिए सहायता राशि में वृद्धि और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर

जीतू पटवारी ने लाड़ली बहना योजना की सहायता राशि में समयबद्ध वृद्धि करने और योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, युवाओं के लिए लंबित सरकारी भर्तियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और एक निश्चित रोजगार कैलेंडर सख्ती से लागू करने का सुझाव दिया।

4. कुम्हारों और पारंपरिक कारीगरों को 10 हजार रुपये की सहायता

दीपावली पर दीये बनाने वाले पारंपरिक कुम्हारों और माटी कला बोर्ड से जुड़े कारीगरों को आर्थिक सहायता देने का सुझाव दिया। उन्होंने पात्र कारीगरों के बैंक खातों में 10 हजार रुपये तक की राशि सीधे भेजने की मांग की है।

5. बिजली बिलों की लेट फीस और सरचार्ज माफ करने की मांग

त्योहारी सीजन को देखते हुए छोटे दुकानदारों और घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिलों पर लगने वाली लेट फीस एवं सरचार्ज पूरी तरह माफ करने का सुझाव दिया है।

6. मनरेगा मजदूरों की बकाया मजदूरी का तत्काल भुगतान

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और पलायन रोकने के लिए मनरेगा के तहत बकाया मजदूरी का तत्काल भुगतान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण श्रमिकों को आर्थिक राहत मिलेगी और मजबूरी में होने वाले पलायन को रोकने में मदद मिलेगी।

7. लोक कलाकारों और सांस्कृतिक कर्मियों के लिए विशेष पैकेज

जीतू पटवारी ने प्रदेश के स्थानीय लोक कलाकारों और सांस्कृतिक कर्मियों को आर्थिक संबल देने के लिए विशेष त्योहारी प्रोत्साहन पैकेज घोषित करने का सुझाव दिया ताकि प्रदेश की कला, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को आर्थिक प्रोत्साहन मिल सके।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews