MP News : मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के रजिस्टर्ड नंबरों पर आ रहे फर्जी अंतर्राष्ट्रीय कॉल, संघ ने की जांच की मांग

मंत्रालय सेवा अधिकारी/कर्मचारी संघ ने सामान्य प्रशासन विभाग को शिकायत की है कि पिछले कुछ समय में कई अधिकारियों और कर्मचारियों के नंबर पर इस तरह के फोन आए हैं जिसमें उनकी मोबाइल सर्विस बंद होने की चेतावनी देते हुए किसी लिंक को खोलने की बात कही जाती है। खास बात ये है कि इस तरह के कॉल्स सिर्फ उन्हीं नंबर पर आ रहे हैं, जो सरकार के पास रजिस्टर्ड है। संघ ने इसे लेकर डेटा लीक होने की आशंका जताई है और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
Fake international calls

Fake international calls : मध्य प्रदेश में मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के रजिस्टर्ड फोन नंबरों पर फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल्स आने की घटनाएं बढ़ गई हैं। मंत्रालय सेवा अधिकारी/कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मंत्रालयीन अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल नंबरों पर संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय कॉल्स आ रहे हैं, जिनमें कॉल करने वालों की ओर से मोबाइल सेवाएं बंद कर देने के साथ किसी लिंक का उपयोग करने के बारे में कहा जाता है।

हाल के दिनों में अंतर्राष्ट्रीय फोन नंबरों से आने वाली कॉल्स, जिनमें सिम कार्ड बंद करने की धमकी दी जा रही है और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा जा रहा है, एक बढ़ी समस्या बन गई है। इन कॉल्स में अक्सर किसी तरह की धोखाधड़ी या डेटा चोरी की कोशिश होती है। ऐसे कॉल्स का मकसद लोगों को डराना और फिर उन्हें फर्जी लिंक पर क्लिक करने के लिए मजबूर करना होता है, जिससे उनका निजी जानकारी जैसे बैंक डिटेल्स, पासवर्ड्स या अन्य संवेदनशील डेटा चुराया जा सकता है।

सिर्फ सरकार के पास रजिस्टर्ड नंबर पर आ रहे हैं फर्जी कॉल

मंत्रालय सेवा अधिकारी/कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक ने बताया कि इसमें ध्यान देने योग्य बात ये है कि इस तरह के संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय कॉल सिर्फ उन्हीं नंबरों पर आ रहे हैं, जो नंबर सामान्य प्रशासन विभाग के पास रजिस्टर्ड हैं। जिन कर्मचारियों-अधिकारियों के पास एक से अधिक नंबर हैं, उनके सिर्फ उस नंबर पर  पर काल आये हैं जो नंबर उन्होंने शासन को दे रखा है या सामान्य प्रशासन विभाग के पास रजिस्टर्ड हैं। इस संबंध में प्रभावित अधिकारियों और कर्मचारियों ने संघ को शिकायत की थी। इसके बाद ये संदेह भी जताया जा रहा है कि कहीं शासन के पास सुरक्षित अधिकारियों कर्मचारियों का डेटा फर्जीवाड़ा करने वालों को लीक तो नहीं हो गया है।

संघ ने की शिकायत

इस मामले में मंत्रालय सेवा अधिकारी/कर्मचारी संघ ने अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा है और इस मामले में जांच कराने की मांग की है।जिन नंबरों पर इस तरह के फोन कॉल आये हैं, उनकी सूची भी शासन को सौंपी गई है। संघ ने कहा कि अगर शासन के सुरक्षित डेटा में किसी तरह की सेंधमारी हुई है तो यह एक गंभीर मुद्दा है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि अगर आवश्यकता पड़ी तो वे साइबर पुलिस में भी मामले की शिकायत करेंगे।

साइबर अपराधियों से रहें सावधान

बता दें कि पिछले कुछ समय में इस तरह के फर्जी धोखाधड़ी वाले कॉल आने की शिकायतों में काफी इजाफा हुआ है। स्कैमर्स इस तरह के कॉल करके ऑनलाइन धोखाधड़ी की कोशिश करते हैं। इसलिए यदि आपको किसी अंतर्राष्ट्रीय नंबर से इस प्रकार की कॉल आती है, तो उसे अनदेखा करें और लिंक पर क्लिक न करें। अपने मोबाइल सर्विस कंपनी से संपर्क कर इस बारे में जानकारी ली जा सकती है। अपनी व्यक्तिगत जानकारी और बैंक डिटेल्स को सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल का जवाब न दें। लिंक पर क्लिक करने से आपके व्यक्तिगत जानकारी जैसे बैंक अकाउंट डिटेल्स, पासवर्ड, या क्रेडिट कार्ड जानकारी चोरी हो सकती है। इसी के साथ अपने फोन में एक अच्छा एंटीवायरस और स्पैम कॉल ब्लॉकिंग ऐप्स का उपयोग करें।

[dgv_vimeo_video id=”1034426120″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews