संगीत की दुनिया से एक सितारा टूटा, मशहूर गायक एसपी बालासुब्रमण्यम का निधन

संगीत की दुनिया से एक सितारा टूटा, मशहूर गायक एसपी बालासुब्रमण्यम का निधन

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट।  संगीत ने आज फिर अपना एक सितारा खो दिया। दक्षिण भारतीय और हिंदी फ़िल्मों के मशहूर गायक एसपी बालासुब्रमण्यम  (SP Balasubramaniam) का आज 74 साल की उम्र में निधन हो गया। एसपी को 5 अगस्त को कोरोना संक्रमण हुआ था और वह वेंटिलेटर पर थे। चेन्नई के एक अस्पताल में आज दोपहर उन्होने अंतिम सांस ली।

किसी समय सलमान खान की आवाज़ के तौर पर मशहूर होने वाले एसपी बालासुब्रमण्यम ने 80 के दशक में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा। उन्होंने ‘मैंने प्यार किया’ और ‘हम आपके हैं कौन’ जैसी फिल्मों में गाने गाए। हिंदी, तेलुगू, मलयालम और तमिल समेत करीब 16 भाषाओं में 40,000 से अधिक गानों को उन्होने अपनी आवाज़ दी है। प्लेबैक सिंगर के अलावा एसपी बालासुब्रमण्यम म्यूजिक डायरेक्टर, एक्टर, डबिंग आर्टिस्ट और फिल्म प्रोड्यूसर भी रह चुके है। उन्हें 6 बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुके हैं। उनके नाम पर सबसे ज्यादा फिल्मी गानों को आवाज देने का गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्हें पद्म श्री (2001) और पद्म भूषण (2011) से भी नवाजा जा चुका है।

एसपी बालासुब्रमण्यम के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि, “एसपी बालासुब्रमण्यम की मौत से हमारी सांस्कृतिक दुनिया को बहुत नुक़सान हुआ है। पूरे भारत में घर-घर पहचाना जाने वाला नाम, उनकी मधुर आवाज़ और संगीत ने दशकों तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और उनके चाहने वालों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. ओम शांति।” गृहमंत्री अमित शाह, सलमान खान सहित कई बॉलीवुड कलाकारों और खेल जगत की हस्तियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews