भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 12 और 13 सितंबर को शहर के प्रमुख होटल, रेस्टोरेंट और भोजनालयों में औचक निरीक्षण किया। दरअसल यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक के निर्देश पर की गई। टीम ने ग्राहकों को परोसे जाने वाले भोजन, किचन, स्टोरेज और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। जहां कई कमियां मिलीं वहां संचालकों को मौके पर सुधार के निर्देश दिए गए और कुछ मामलों में खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए।
वहीं निरीक्षण के दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों के अलग-अलग भंडारण, एक्सपायरी सामग्री के उपयोग, किचन की सफाई, खाद्य लाइसेंस, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल, FIFO व्यवस्था और लेबलिंग की जांच की। दो दिन में कुल 10 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें कई जगह गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
रेडिसन समेत कई जगह मिलीं बड़ी खामियां
दरअसल न्यू मार्केट स्थित होटल पलाश के किचन में मशरूम के आठ पैकेट सड़ी अवस्था में मिले जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। किचन में पांच डस्टबिन खुले मिले और उनमें खाद्य अपशिष्ट रखा हुआ था। कढ़ाई अस्वच्छ मिली जबकि फ्रीजर में रखी कुछ सब्जियां ताजी नहीं थीं। एक आटे का पैकेट एक्सपायरी होने के बाद भी उपयोग के लिए रखा मिला और चिकन मसाले का एक पैकेट जरूरी लेबल के बिना पाया गया।
मौके पर एक्सपायरी ब्रेड मिली
वहीं होटल रेडिसन में निरीक्षण के दौरान चार पैकेट हनी ब्रेड मिसब्रांडेड मिले। करीब 50 किलो सड़े आलू भी मिले जिन्हें नियमानुसार नष्ट कराया गया। जांच में मीट पैकेट पर बेस्ट बिफोर संबंधी जानकारी, फ्रोजन मीट के भंडारण और FIFO व्यवस्था में भी कमियां सामने आईं। होटल प्रबंधन ने कहा कि सड़े आलू वेंडर को लौटाने के लिए अलग रखे गए थे लेकिन टीम ने मौके पर कार्रवाई की। यहां ब्रेड पर जरूरी वेज सिंबल और खरीद का बिल भी उपलब्ध नहीं मिला। गुलमोहर स्थित होटल आदित्य ग्रैंड में एक्सपायरी ब्रेड मिली। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं थे और खाद्य तैयार करते समय हेयर कवर का उपयोग भी नहीं किया जा रहा था। यहां से पनीर का नमूना जांच के लिए लिया गया है।
कई नमूने लैब भेजे गए
दरअसल महादेव भोजनालय की जांच सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद की गई। यहां पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट नहीं मिला और खाद्य पंजीयन का बोर्ड भी सही जगह प्रदर्शित नहीं था। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र बनवाने के निर्देश दिए गए। पनीर की प्राथमिक जांच में एनालॉग पनीर की पुष्टि नहीं हुई लेकिन फैट कम होने की आशंका पर उसका वैधानिक नमूना लैब भेजा गया।
वहीं मिंटो हॉल स्थित होटल द क्राउन 1909 रूफ टॉप रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों का अलग-अलग भंडारण और किचन की सफाई संतोषजनक मिली। वहीं इससे एक दिन पहले होटल सयाजी, ताज, जहांनुमा रिट्रीट, साक्षी ढाबा और होटल टूरटोकोइस की भी जांच हुई थी। होटल सयाजी में एक्सपायरी नॉनवेज खाद्य पदार्थों के भंडारण की बात सामने आई। होटल टूरटोकोइस में मूंग दाल और राजमा में कीट मिले, नॉनवेज फ्रीजर की सफाई में कमी पाई गई और खाद्य लाइसेंस का प्रदर्शन भी नहीं था।






