हरदीप सिंह पुरी मध्यप्रदेश से निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित, निर्वाचन आयोग ने की औपचारिक घोषणा

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मध्यप्रदेश से निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हो गये हैं। निर्वाचन अधिकारी ने उनकी निर्विरोध जीत की औपचारिक घोषणा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने हरदीप सिंह पुरी की गैर मौजूदगी में निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया।
Hardeep Singh Puri

भोपाल:  केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुन लिया गया है। आज यानि 5 नवंबर को राज्यसभा उपचुनाव के लिये नाम वापसी की अंतिम समय-सीमा के बाद ही निर्वाचन अधिकारी ने उनकी निर्विरोध जीत की औपचारिक घोषणा कर निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, विधायक रामेश्वर शर्मा समेत कई भाजपा नेताओं की मौजूदगी में हरदीप सिंह पुरी का निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया।

बता दें कि प्रदेश की राज्यसभा की एक सीट से हाल ही में एल मुरुगन ने इस्तीफा दिया था। जिसके बाद यह सीट खाली हो गई थी। इसके बाद चुनाव आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव घोषित किया। इस सीट पर भाजपा ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मैदान में उतारा। एमपी का राज्यसभा उपचुनाव काफी दिलचस्प रहा, ऐसा इसलिये क्योंकि कांग्रेस ने अपना समर्थन एक निर्दलीय उम्मीदवार को दिया था। हालांकि निर्दलीय उम्मीदवार की ओर से फॉर्म-26 न भरने की वजह से नामांकन रद्द कर दिया गया। जिसके बाद गुरुवार को नाम वापसी की समय सीमा के बाद हरदीप सिंह पुरी को निर्विरोध चुन लिया गया।

कांग्रेस ने नामांकन पर उठाये थे सवाल

बता दें कि हरदीप सिंह पुरी के नामांकन दस्तावेजों और शपथ पत्र में 100 से अधिक कमियां होने का दावा करते हुये कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई ​थी। इस दौरान कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने तीन मुद्दों पर सवाल उठाये थे। कांग्रेस नेता का कहना था कि हरदीप सिंह द्वारा जमा किये शपथपत्र में पत्नी के नाम का जिक्र नहीं, विदेशी संपत्तियों और बैंक खातों का विवरण नहीं दिया है।

इसके बाद, कांग्रेस की आपत्तियों पर रिटर्निंग ऑफिसर ने हरदीप सिंह पुरी को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया। दस्तावेजों की जांच के बाद निर्वाचन अधिकारी ने सभी आपत्तियों को खारिज कर दिया। जांच में जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन नहीं पाया गया।

31 अक्टूबर को दाखिल किया था नामांकन

भाजपा ने 28 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया था। इसके बाद पुरी ने 31 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और अन्य पार्टी नेताओं की मौजूदगी में विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया था।

पहले यूपी, अब एमपी से राज्यसभा सांसद

गौरतलब है कि हरदीप सिंह पुरी वर्तमान में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद थे। जहां उनका कार्यकाल आगामी 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। भाजपा ने इस बार उन्हें यूपी से नहीं बल्कि मध्यप्रदेश के रास्ते संसद भेजने का निर्णय लिया। एमपी की यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी, जिसका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक का है। अब इस बची हुई अवधि के लिये केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी राज्यसभा में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews