MP सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमत 10 रुपए कम करे : कमलनाथ की मांग, कहा “भारी टैक्स के कारण अन्य राज्यों से महंगा बिक रहा ईंधन”

मध्यप्रदेश सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि यहां वैट और सेस ज्यादा होने की वजह से पेट्रोल-डीजल अन्य राज्यों की तुलना में महंगा बिक रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस वजह से ट्रक और अन्य भारी वाहन प्रदेश की तुलना में अन्य राज्यों से तेल भरवाना बेहतर समझ रहे हैं। इसके अलावा सीमावर्ती जिला के लोग अन्य प्रदेश से ईंधन ले रहे हैं जिससे एमपी को राजस्व का नुकसान हो रहा है।
Kamal Nath

Kamal Nath

देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी होने के बाद मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ा है। इसी के साथ उन्होंने प्रदेश सरकार से पेट्रोल और डीजल पर टैक्स में कमी कर 10 रुपए प्रति लीटर की राहत देने की मांग की है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मंगलवार से पेट्रोल और डीजल के दाम में 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को इसकी वजह बता रही है, लेकिन वास्तविक कारण राज्य सरकार द्वारा लगाया जा रहा भारी टैक्स है। उन्होंने कहा कि किया कि मध्यप्रदेश में उत्तर प्रदेश की तुलना में पेट्रोल औसतन 13 रुपए और डीजल करीब 4 रुपए प्रति लीटर महंगा बिक रहा है।

कमलनाथ ने कहा “मध्यप्रदेश में पेट्रोल डीज़ल के दाम अन्य राज्यों की तुलना में अधिक”

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच कमलनाथ ने मध्यप्रदेश सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि सरकार अंतरराष्ट्रीय बाजार का हवाला देकर कीमतें बढ़ाने को सही ठहराने की कोशिश कर रही है, जबकि प्रदेश में महंगे पेट्रोल-डीजल की सबसे बड़ी वजह राज्य सरकार द्वारा लगाया जा रहा भारी टैक्स है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें पड़ोसी राज्यों की तुलना में काफी अधिक हैं।

पूर्व सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पेट्रोल पर 29 प्रतिशत वैट, 2.5 रुपए अतिरिक्त शुल्क और 1 प्रतिशत सेस वसूल रही है, जबकि डीजल पर 19 प्रतिशत वैट, 1.5 रुपए अतिरिक्त शुल्क और 1 प्रतिशत सेस लिया जा रहा है। कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश की जनता पेट्रोल पर 30 रुपए से अधिक और डीजल पर 20 रुपए से अधिक टैक्स दे रही है, जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने कहा कि नई कीमतों के बाद भोपाल में पेट्रोल 110.75 रुपए और डीजल 95.91 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इंदौर और जबलपुर में पेट्रोल 110.79 रुपए, ग्वालियर में 110.69 रुपए और उज्जैन में 111.27 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं डीजल की कीमत उज्जैन में 96.40 रुपए, इंदौर में 95.97 रुपए, जबलपुर में 95.98 रुपए और ग्वालियर में 95.86 रुपए प्रति लीटर दर्ज की गई है।

प्रदेश सरकार से दस रूपए प्रति लीटर दाम कम करने की मांग 

कमलनाथ ने राज्य सरकार से पेट्रोल और डीजल पर टैक्स में कटौती कर 10 रुपए प्रति लीटर राहत देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि “मैं माँग करता हूँ कि मध्यप्रदेश सरकार तत्काल इस टैक्स में कटौती करे ताकि मध्य प्रदेश की जनता को सबसे महंगा डीजल और पेट्रोल नहीं खरीदना पड़े। मध्यप्रदेश सरकार तत्काल डीजल पेट्रोल की कीमतों में 10 रुपए प्रति लीटर की कमी करे। टैक्स कम करने से ना सिर्फ़ जनता को फ़ायदा होगा बल्कि सरकार को भी नुकसान नहीं होगा।” उन्होंने कहा कि डीजल महंगा होने के कारण ट्रक और भारी वाहन दूसरे राज्यों से ईंधन भरवाना बेहतर समझ रहे हैं। सीमावर्ती जिलों के लोग भी पड़ोसी राज्यों से पेट्रोल-डीजल खरीद रहे हैं, जिससे मध्यप्रदेश को राजस्व नुकसान हो रहा है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews