जीतू पटवारी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से की इंदौर में NEET परीक्षा दुबारा कराने की मांग, अव्यवस्थाओं के चलते छात्रों को मोमबत्ती की रोशनी में देना पड़ा पेपर

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह की स्थितियों में हजारों छात्रों को परीक्षा देनी पड़ी, यह उनके भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि जिन केंद्रों पर परीक्षा में व्यवधान आया, वहां पुनः परीक्षा आयोजित की जाए और शिक्षा मंत्री इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें, जिससे परीक्षार्थियों के साथ न्याय हो सके।
Jitu Patwari

Jitu Patwari

Indore NEET Exam : जीतू पटवारी ने इंदौर में आयोजित NEET परीक्षा में हुए व्यवधान के बाद इसे दुबारा आयोजित कराने की मांग की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इसे लेकर अनुरोध किया है। बता दें कि मौसम और अव्यवस्था के चलते एक दिन पहले इंदौर में कई परीक्षार्थियों को बेहद कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

बता दें कि इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने इस मामले में कहा था कि अचानक मौसम बदलने से कुछ केंद्रों की बिजली व्यवस्था बाधित हुई। पावर बैकअप को लेकर स्पष्ट निर्देश नहीं थे। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

परीक्षा के दौरान छात्रों को हुई भारी समस्या

रविवार को इंदौर में NEET परीक्षा के दौरान कई परीक्षा केंद्रों पर भारी बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस परीक्षा में हजारों छात्रों को अंधेरे में, मोमबत्ती और इमरजेंसी लाइट की रोशनी में पेपर देने के लिए मजबूर होना पड़ा। कुछ केंद्रों पर तो दोपहर ढाई बजे से लेकर परीक्षा खत्म होने तक बिजली गुल रही और चार बजे के बाद आधे घंटे तक कक्षाओं में अंधेरा छाया रहा। जनरेटर या पावर बैकअप की कमी के कारण छात्रों को मोमबत्ती की रोशनी में प्रश्नपत्र पढ़ने और उत्तर देने पड़े। एक केंद्र पर तो करीब 600 छात्रों ने मोमबत्ती के सहारे परीक्षा दी। परीक्षा के बाद इस अव्यवस्था को लेकर छात्रों और अभिभावक में काफी गुस्सा देखने को मिला।

जीतू पटवारी ने की पुन: परीक्षा की मांग

इस मामले में जीतू पटवारी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से जिन स्थानों पर अव्यवस्था हुई वहां दुबारा परीक्षा कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ‘इंदौर में आयोजित NEET परीक्षा के दौरान भारी वर्षा और विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण परीक्षार्थियों को अत्यंत कष्ट का सामना करना पड़ा। यहां एक केंद्र पर तो 600 परीक्षार्थियों को मोमबत्ती के सहारे पेपर देना पड़ा। जो हजारों छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है। अतः आपसे आग्रह है कि जिन केंद्रों पर परीक्षा में व्यवधान आया, वहां पुनः परीक्षा आयोजित की जाए। इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें, जिससे परीक्षार्थियों के साथ न्याय हो सके।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews