उन्नीसवां मंगलवार..और कितना इंतज़ार ? जीतू पटवारी ने मिलने का समय न देने पर फिर शिवराज सिंह चौहान पर साधा निशाना

कहते हैं शिद्दत से कुछ चाहो तो पूरी कायनात उसे तुमसे मिलाने की कोशिश में लग जाती है। लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष के शदीद इंतज़ार का अब तक कोई नतीजा नहीं आया है। उन्हें बुलावे की प्रतीक्षा करते उन्नीस हफ्ते बीत चुके हैं और अब तक केंद्रीय कृषि मंत्री से मिलने का समय नहीं मिल पाया है। इस साल की शुरुआत में ही जीतू पटवारी कह चुके हैं कि वो 100 मंगलवार तक शिवराज सिंह चौहान से समय मिलने की प्रतीक्षा करेंगे और उसके बाद खुद उनसे मुलाकात करने पहुंच जाएंगे।
Jitu Patwari

Jitu Patwari

Jitu Patwari Criticizes Shivraj Singh Chouhan : अठारह मंगलवार बीत गए और उन्नीसवां आ गया..लेकिन इंतज़ार है कि खत्म ही नहीं हो रहा। इंतज़ार है शिवराज सिंह चौहान के बुलावे का और राह देख रहे हैं जीतू पटवारी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने एक बार फिर ‘मंगलवार को मिलने का समय न देने’ की बात पर केंद्रीय कृषि मंत्री पर निशाना साधा है।

दरअसल जीतू पटवारी पिछले कई हफ्तों से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने का समय माँग रहे हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस लगातार किसानों के मुद्दों को लेकर बीजेपी सरकार पर हमलावर है और पटवारी का कहना है कि वो इन्हीं मुद्दों को लेकर कृषि मंत्री से मिलना चाहते हैं, लेकिन उन्हें मिलने का समय नहीं दिया जा रहा है।

हर मंगलवार किसानों से मिलते हैं शिवराज  सिंह चौहान 

बता दें कि शिवराज सिंह चौहान हर मंगलवार को किसानों से मिलकर उनसे संवाद करते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी किसानों की समस्याओं को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांगा है। लेकिन उनका कहना है कि उन्हें मुलाकात का अवसर नहीं दिया जा रहा। इस बात को अब अठारह हफ्ते हो चुके हैं और आज उन्नीसवें मंगलवार को एक बार फिर जीतू पटवारी ने इस मुद्दे को लेकर शिवराज को घेरा है।

जीतू पटवारी ने मिलने का समय न देने पर कृषि मंत्री को घेरा

कांग्रेस अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि ‘कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान जी, आज उन्नीसवां मंगलवार आ गया, लेकिन आपकी ओर से अब तक कोई जवाब नहीं आया। आपने वादा किया था कि हर मंगलवार किसानों से मिलेंगे। मध्य प्रदेश का किसान होने के नाते, मैं एक बार फिर प्रदेश के किसानों के साथ इस मंगलवार भी आपसे मिलने का निवेदन कर रहा हूँ। पिछले छह महीनों से मैं प्रदेश के कोने-कोने में जाकर किसानों से मिल रहा हूँ। हर जगह किसान अपनी फसल के दाम न मिलने, मुआवज़े की अनदेखी और सरकारी उदासीनता से परेशान हैं। आपके अपने ही गृह राज्य के किसानों को आख़िर कब तक आपसे समय माँगना पड़ेगा?’ बता दें कि इस साल की शुरुआत में एक जनवरी को जीतू पटवारी ने कहा था कि वे 100 मंगलवार तक शिवराज सिंह चौहान के बुलावे का इंतज़ार करेंगे, और फिर उसके बाद खुद जाकर उनसे मुलाकात करेंगे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews