
Kamal Nath targeted CM Shivraj : पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सीएम शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा है। उन्होने कहा कि प्रदेश में किसान परेशान हैं। उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है और सीएम उनके हित के नाम पर केवल वाहवाही लूटने का काम कर रहे हैं।
कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी किसान हित के नाम पर रोज कोई ना कोई पब्लिसिटी स्टंट करते रहते हैं। अब उन्होंने किसान गौरव सम्मेलन करने का अभिनय किया है। मैं मुख्यमंत्री से जानना चाहता हूं कि जब कांग्रेस सरकार ने 27 लाख किसानों की कर्ज माफी कर दी थी तो आपने किसानों की कर्ज माफी क्यों रोक दी? मैं मुख्यमंत्री से यह भी जानना चाहता हूं की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 में किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा किया था और 2022 का अंतिम महीना आ गया है, लेकिन किसानों की आमदनी दुगनी होनी तो दूर किसानों की लागत कई गुना बढ़ गई है। पूरे प्रदेश में किसान खाद के लिए बुरी तरह परेशान हो रहे हैं। झूठी घोषणाएं और आयोजन करने की जगह आप कम से कम एकाध बार तो किसान हित का कुछ अच्छा काम करिए?’
बता दें कि कमलनाथ लगातार सीएम और प्रदेश सरकार पर हमलावर है। कुछ समय पहले उन्होने कहा था कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद को बहुत ईमानदार और सख्त दिखाने का अभिनय करते हैं और आए दिन किसी सरकारी कार्यक्रम में मंच से अधिकारियों को डांटने या निलंबित करने की एक्टिंग करते रहते हैं। लेकिन क्या उन्होने मंत्रियों से इसे लेकर कोई सवाल किया है। उन्होने आरोप लगाया कि अपनी नाकामी छिपाने के लिए सीएम ये सारा काम कर रहे हैं और ये विधानसभा चुनाव से पहले अधिकारियों और कर्मचारियों पर दबाव बनाने का भी तरीका है। अब एक बार फिर उन्होने सीएम को सवालों के घेरे में खड़ा किया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी किसानहित के नाम पर रोज कोई ना कोई पब्लिसिटी स्टंट करते रहते हैं। अब उन्होंने किसान गौरव सम्मेलन करने का अभिनय किया है।
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) December 9, 2022
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

