लाड़ली बहनों के लिए खुशखबरी, अब हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये, सीएम डॉ मोहन यादव ने की घोषणा, बताया कब से देंगे 3000 रुपये

जीतू पटवारी को नसीहत देते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कांग्रेस अध्यक्ष को मर्यादा में रहकर राजनीति करनी चाहिए, उन्होंने कहा हमने 3000 रुपये देने का वादा किया है और इसे डंके की चोट पर पूरा करेंगे।
ladli behna yojana

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज लाड़ली बहनों के लिए एक और बड़ी घोषणा की, पिछले दिनों रक्षा बंधन के मौके पर 250 रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा करने के बाद आज मुख्यमंत्री ने इंदौर में मीडिया से बात करते हुए घोषणा की कि अब दिवाली से हर महीने लाड़ली बहनों के खातों में 1500 रुपये भेजे जायेंगे, सीएम ने एक और घोषणा करते हुए कहा कि 2028 तक हम बहनों के खातों में वादे के अनुसार 3000 रुपये भेजेंगे।

इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेश की 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के लिए खुशखबरी सुनाई, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान पर आक्रोशित होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने कभी बहनों का सम्मान नहीं किया, लेकिन हम कर रहे हैं तो ये सियासत कर रहे हैं। जीतू पटवारी को नसीहत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा विरोध अपनी जगह है लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष को मर्यादा में रहकर राजनीति करनी चाहिए।

दिवाली से 1500 रुपये महीना , 2028 में 3000 रुपये  

सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा हमने 3000 रुपये देने का वादा किया है और इसे डंके की चोट पर पूरा करेंगे, अभी राखी पर 250 रुपये अतिरिक्त दे रहे हैं फिर दिवाली से हर महीने 1500 रुपये लाड़ली बहनों के खाते में भेजे जायेंगे और हर साल बढ़ाते हुए 2028 में वादे के मुताबिक 3000 रुपये देंगे।

कांग्रेस पर किया प्रहार 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को शर्म आना चाहिए उनके समय में बहनों के साथ क्या होता था सब जानते हैं कांग्रेस के नेता योजनाओं के नाम पर डाका डालते थे लेकिन हमारी प्रतिबद्धता संकल्प पत्र को पूरा करने की है और इसे पूरा करेंगे उन्होंने कहा कांग्रेस अध्यक्ष हम पर अय्याशी का आरोप लगाते हैं लेकिन सब जानते हैं ये काम कांग्रेस के नेताओं के हैं ।

जो कानून तोड़ेगा हम उससे निपटना भी जानते हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस के नेता आज जमानत पर है वो क्या करते हैं किसी से नहीं छिपा, कांग्रेस समझ ले भाजपा प्रदेश की जनता के प्रति जवाबदेह है, उन्होंने कहा इस राज्य में जो कानून तोड़ेगा हम उससे निपटना भी जानते हैं वो डकैत हो या उसका बाप हो हम सबसे निपटना जानते हैं हमने निर्देश दिए कि अपराध करने वालों को पकड़िये और जो मर्जी आये करिए क्योंकि कि कानून का पालन सबको करना होगा।

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews