ओरछा में आज से BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, युवा वोटरों पर फोकस, मिशन-2028 के लिए बनेगी रणनीति, जानें कौन-कौन होगा शामिल

BJP State Working Committee Meeting: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने ओरछा में आज, रविवार को प्रदेश महामंत्रियों एवं संभाग प्रभारियों के साथ बैठक कर विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।
mp BJP

मध्य प्रदेश बीजेपी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज (30-31 अगस्त) से राम राजा की नगरी में शुरू होने जा रही है। ओरछा के प्रतिष्ठित राजमहल पैलेस और राजविलास होटल में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश सहित लगभग कई वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में यह पहली कार्यसमिति की बैठक होगी, ऐसे में संगठन के लिहाज से इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक का मुख्य उद्देश्य ‘मिशन-2028’ और युवा वोटरों को साधना है। इसके तहत आगामी विधानसभा, स्थानीय निकाय व सहकारिता चुनावों के लिए संगठनात्मक रोडमैप तैयार किया जाएगा।

बैठक में पार्टी आगामी तीन महीनों के लिए राज्यभर में चलाए जाने वाले अपने सांगठनिक अभियानों और कार्यक्रमों का खाका तैयार करेगी। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कमजोर बूथों और विपक्षी गढ़ों पर विशेष फोकस रहेगा। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ पर विशेष सत्र आयोजित होगा।  अनुसूचित जाति वर्ग के बीच पार्टी की पैठ मजबूत करने पर भी चर्चा की जाएगी।

​Gen Z और युवा वोटर्स को साधने की योजना

दिल्ली आंदोलन के बाद अन्य राज्यों में हुए प्रदर्शन के घटनाक्रम को देखते हुए डिजिटल माध्यम (Instagram Reels, YouTube Shorts, Moj) से युवा पीढ़ी (Gen Z और Gen Alpha) को कैसे अपने पक्ष में किया जाए, इसको लेकर रणनीति बनेगी। युवा मतदाता को संगठन से जोड़ने के लिए लंबे भाषणों के बजाय इंस्टाग्राम रील्स, यूट्यूब शॉर्ट्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए सरकारी योजनाओं और विचारधारा के प्रचार की रणनीति पर विचार किया जाएगा। इसके लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का सहारा लिया जाएगा।

दतिया उपचुनाव की हार पर मंथन

बैठक में दतिया उपचुनाव में मिली हार के राजनीतिक कारणों की समीक्षा की जाएगी और ‘हर बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान को और बुलंद करने पर फोकस रहेगा, ताकी आने वाले समय में ऐसी परिस्थितियां निर्मित ना हो। पार्टी का लक्ष्य चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय कर जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने पर है। राज्य की राजनीतिक व चुनावी चुनौतियों पर भी मंथन किया जा सकता है। मोहन सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक और कैसे पहुंचाया जाए इस पर भी जोर रहेगा।

कौन-कौन होगा कार्य समिति बैठक में शामिल

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ,मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, इंदर सिंह परमार, राव उदय प्रताप, तुलसी सिलावट , निर्मला भूरिया, गोविंद सिंह राजपूत, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, लाल सिंह आर्य, अरविंद भदौरिया समेत कई अन्य नेता शामिल होंगे। सुमित्रा महाजन, सत्यनारायण जटिया सहित 41 सदस्य, संगठनात्मक पदाधिकारी, विधायक, सांसद समेत बैठक में 350 नेता मौजूद रहेंगे।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews