
Umang Singhar
भोपाल में एक कैफे में नकाबपोश बदमाशों के हमले के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एक बार फिर मध्यप्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए उन्होंने लिखा है कि इस घटना से एक बार फिर साफ होता है कि प्रदेश की राजधानी में कानून-व्यवस्था किस हद तक खोखली हो चुकी है।
इस घटना की पुलिस जांच शुरु हो गई है। कैमरे में कैद वीडियो में नज़र आता है कि बदमाश मुंह पर कपड़े बांधे हुए थे और वे अचानक कैफे के अंदर घुसे। उन्होंने चेयर, टेबल सहित अन्य सामान को तहस-नहस कर दिया। अच्छी बात ये रही कि इस हमले में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ लेकिन संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।
नकाब पहनकर आए बदमाश, कैफे में जमकर तोड़फोड़
राजधानी भोपाल के मिसरोद इलाके में स्थित हाल ही में खुले मैजिक स्पॉट कैफे पर मंगलवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। बीस से अधिक हमलावर हाथों में तलवारें और डंडे लहराते घुसे और कैफे में जमकर तोड़फोड़ की। घटना के सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि इस दौरान कैफे में मौजूद ग्राहक डरकर वहां से भाग गए। ये पूरी घटना दो मिनट से कम समय में अंजाम दी गई और ये सब कैफे के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। कैफे मालिक सक्षम गिरी ने मिसरोद थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब तक दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।
उमंग सिंघार ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा
पुलिस इस मामले में आपसी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे एक समूह के लोग हथियारों से लैस होकर कैफे में घुसते हैं और तोड़फोड़ शुरू कर देते हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर से भोपाल में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इसका वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि ‘भोपाल के मिसरोद स्थित मैजिक स्पॉट कैफ़े का एक भयावह वीडियो सामने आया है। मंगलवार रात लगभग दस बजे कुछ नकाबपोश बदमाशों ने कैफ़े पर धावा बोल दिया। यह वीडियो साफ़ दिखाता है कि प्रदेश की राजधानी में कानून-व्यवस्था किस हद तक खोखली हो चुकी है। लगता है प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था अब भगवान भरोसे ही चल रही है। प्रदेश में इतने बेखौफ घूम रहे अपराधियों को आखिर किसका संरक्षण प्राप्त है?’ इस तरह उन्होंने एक बार फिर कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए सवाल किए हैं।

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

