कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित होने के खिलाफ MP कांग्रेस आज जाएगी सुप्रीम कोर्ट, जीतू पटवारी का बीजेपी पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी द्वारा इस फैसले को चुनौती देने के लिए आज सुप्रीम कोर्ट में अपील की जाएगी जहां वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा पैरवी करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आदिवासी नेताओं को राजनीति से हटाने की कोशिश कर रही है और प्रदेश सरकार महंगाई, प्रशासनिक अव्यवस्था तथा आर्थिक हालात जैसे मुद्दों पर जनता को राहत देने में विफल रही है।
Jitu Patwari

Jitu Patwari

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विजयपुर विधानसभा से कांग्रेस नेता मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को शून्य घोषित किए जाने के मामले में भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह मामला भाजपा की कथित खरीद-फरोख्त की राजनीति और उसके “चाल, चरित्र और चेहरा” को उजागर करता है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि इस फैसले के खिलाफ कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।

भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी की आदिवासी विरोधी सोच पूरी तरह उजागर हो गई है। बता दें कि श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच ने शून्य घोषित कर दिया है।

सुप्रीम कोर्ट जाएगी कांग्रेस 

जीतू पटवारी ने कहा है कि मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को शून्य किए जाने के फैसले को चुनौती देने के लिए कांग्रेस पार्टी आज ही सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर करेगी। इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद विवेक तंखा कांग्रेस की ओर से पैरवी करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि इस मामले में न्याय मिलेगा और मल्होत्रा फिर जनता के समर्थन से चुनकर आएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेस में जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की सोच आदिवासी समाज के खिलाफ  है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के कुछ नेताओं की ओर से यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि विजयपुर से एक आदिवासी विधायक विधानसभा कैसे पहुंच गया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा आदिवासी नेता प्रतिपक्ष की “औकात” पूछना उनकी आदिवासी विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। यही व्यवहार विजयपुर के कांग्रेस नेता मुकेश मल्होत्रा के साथ किया गया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मुकेश मल्होत्रा के साथ अन्याय नहीं, बल्कि विजयपुर के मतदाताओं के अधिकारों पर भी सीधा प्रहार है। साथ ही उन्होंने विधायक निर्मला सप्रे के मामले का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाया और कहा कि यदि भाजपा में साहस है तो उनका चुनाव कराकर दिखाए।

जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार को घेरा

इस दौरान जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार को महंगाई, प्रशासनिक व्यवस्था और शिक्षा के मुद्दों पर भी घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बढ़ती महंगाई से जनता परेशान है, लेकिन सरकार का ध्यान इन समस्याओं पर नहीं है। उन्होंने कहा कि भोपाल स्थित वल्लभ भवन में दलालों का बोलबाला है और आम नागरिकों के काम बिना बिचौलियों के नहीं हो पा रहे हैं। कांग्रेस नेता ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई विश्वविद्यालय डिग्री बांटने वाले संस्थान बनते जा रहे हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों के मुद्दे, बढ़ती गैस कीमतों, शिक्षा, बेरोजगारी और प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव कर्ज लेने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी आगे निकल गए हैं। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को 3000 रुपये देने का वादा भी अभी तक पूरा नहीं किया गया है। जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है और सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। उन्होंने विश्वास जताया है कि आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनेगी और राज्य को कर्ज के बोझ से निकालकर विकास के पथ पर आगे बढ़ाएंगे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews