
Kusum Mehdele accused BJP of neglect : मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री रहीं बीजेपी की वरिष्ठ नेत्री कुसुम मेहदेले का दर्द एक बार फिर सामने आया है। उन्होंने पार्टी के भीतर चल रहे वर्तमान कार्यकलापों पर असंतोष प्रकट किया है और कहा है कि बीजेपी मध्यप्रदेश में मृतप्राय पड़ी कांग्रेस को जिंदा करने का काम कर रही है।
लंबे समय से बुंदेलखंड की जानी-मानी बीजेपी नेता और प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुकी कुसुम मेहदेले के तेवर इन दिनों तल्ख हैं। उन्होंने पार्टी नेताओं रघुनंदन शर्मा, भंवर सिंह शेखावत और गौरीशंकर शेजवार का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे नेताओं को हाशिये पर डालने के चलते ही विरोध के स्वर सामने आए हैं और दीपक जोशी तो पार्टी ही छोड़ गए। ग्वालियर चंबल संभाग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बीजेपी ने तश्तरी में रखकर वहां की सीटें दे दी। सरकार बनाने के लालच में माया सिंह और जयभान सिंह पवैया जैसे नेता नेपथ्य में चले गए।
उन्होंने कहा कि अब बीजेपी नेताओं का एकमात्र उद्देश्य येन केन प्रकारेण सत्ता में बने रहना रह गया है, भले ही बीजेपी का कांग्रेसीकरण हो जाए। उन्होंने सवाल किया कि जब कांग्रेस के लोग बीजेपी में आ जाएंगे तो बीजेपी के पुराने लोग कहां जाएंगे जिन्होंने इतनी मेहनत कर पार्टी को खड़ा किया। मेहदेले ने कहा कि मुझे याद है मैं वकालत करती थी और दिन भर में जो भी कमाई होती थी उसे पार्टी फंड में जमा कर दिया करती थी ताकि पार्टी खड़ी हो सके। जनसंघ को बीजेपी में बदलने का काम हम लोगों ने बहुत मेहनत से किया और इस पार्टी में लालकृष्ण आडवाणी जैसे राष्ट्रीय अध्यक्ष और सुंदरलाल पटवा, कैलाश जोशी व अटल जी जैसे लोग हुए हैं जिन्होंने तपस्या से पार्टी को मजबूती प्रदान की। अब दुख होता है कि पार्टी कहां जा रही है। उन्होंने कहा कि मैं, रामकृष्ण कुसमरिया, दीपक जोशी और रंघुनंदन शर्मा जैसे लोग पार्टी को जगाने का काम करते हैं। हमें कांग्रेस से प्यार नहीं। लेकिन बीजेपी की वर्तमान स्थिति बेहद दुखद है। उन्होंने पार्टी के वर्तमान नेतृत्व पर भी सवाल खड़ा किया और कहा कि आज हालत यह है कि मेरे जैसी सीनियर लीडर मंडल के भी सदस्य नहीं हैं, जो कभी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में होते थे।
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →

