MP News : किसानों के लिए खुशखबरी, सीएम शिवराज 20 सितंबर को मुख्यमंत्री कृषक मित्र योजना के फार्म भरवाने की करेंगे शुरुआत

MP News : किसानों के लिए खुशखबरी, सीएम शिवराज 20 सितंबर को मुख्यमंत्री कृषक मित्र योजना के फार्म भरवाने की करेंगे शुरुआत

MP News : मध्य प्रदेश के कर्मचारियों को उनकी मांगे मानकर, लाड़ली बहनों को विभिन्न योजनाओं में लाभ देकर सरकार का ध्यान अब किसानों की तरफ गया है, इसी क्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 सितंबर को “मुख्यमंत्री कृषक मित्र योजना” में हितग्राहियों से फार्म भरवाने के कार्य का शुभारंभ करेंगे।

कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में होगा  कार्यक्रम 

“मुख्यमंत्री कृषक मित्र योजना” में हितग्राहियों से फार्म भरवाने के कार्य का शुभारंभ 20 सितंबर को सुबह 9:30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर भोपाल में होगा, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि कृषकों को स्थाई कृषि पम्प कनेक्शन देने के लिये “मुख्यमंत्री कृषक मित्र योजना” शुरू की गई है।

योजना में 50 प्रतिशत राशि सरकार और 50 प्रतिशत राशि किसान समूह वहन करेगा  

ऊर्जा मंत्री ने बताया है कि योजना में 3 एचपी या अधिक क्षमता के स्थाई पम्प कनेक्शन के लिये 200 मीटर तक की दूरी के 11 के.व्ही. लाइन के विस्तार, वितरण ट्रांसफार्मर की स्थापना और निम्न दाब लाइन केबल विस्तार कार्य शामिल हैं। योजना में समस्त सामग्री सहित विस्तार कार्य एवं इसका संधारण विद्युत वितरण कम्पनी द्वारा किया जायेगा। इस कार्य का 50 प्रतिशत व्यय शासन द्वारा और 50 प्रतिशत कृषक या कृषक समूह द्वारा वहन किया जायेगा। योजना के पहले वर्ष में 10 हजार पम्प के लिये लक्ष्य रखा गया है। योजना 2 वर्ष तक प्रभावशील रहेगी।

चुनाव से पहले शिवराज सरकार विभिन्न वर्गों को दे रही लाभ 

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, शिवराज सरकार आचार संहिता लगने से पहले प्रदेश के विभिन्न वर्गों को लाभ देकर उन्हें ये विश्वास दिला रहे हैं कि भाजपा की सरकार ही प्रदेश की जनता के हित में काम कर सकती है उधर कांग्रेस सीएम शिवराज की घोषणाओं पर निशाना साधते हुए इसे चुनावी शिगूफा बता रही है, बहरहाल मध्य प्रदेश की जनता समझदार है वो सोच समझकर ही अपने मत का प्रयोग करेंगी, देखना होगा फैसला किसके पक्ष में जाता है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews