MP News : एक बार फिर बना बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड, पढ़िए किस विद्युत इकाई ने हासिल की उपलब्धि

MP News : एक बार फिर बना बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड, पढ़िए किस विद्युत इकाई ने हासिल की उपलब्धि

MP News : पिछले कुछ समय से मध्य प्रदेश की बिजली उत्पादन इकाइयाँ नये रिकॉर्ड बना रही हैं, एक बार फिर उत्पादन का रिकॉर्ड बना है, ये रिकॉर्ड सतपुड़ा ताप विद्युत् गृह सारनी (Satpura Thermal Power Station Sarni) की दो इकाइयों ने बनाया है, इन दोनों इकाइयों ने लगातार 100 दिन तक विद्युत् उत्पादन करने में सफलता हासिल की है।

मध्य प्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी के विद्युत गृह क्रमांक चार की 250-250 मेगावाट स्थापित क्षमता की इकाई क्रमांक 10 एवं 11 ने गत दिवस लगातार 100 दिन तक विद्युत उत्पादन करने में सफलता हासिल की है। ये दोनों इकाइयाँ विगत वर्ष से सतत विद्युत उत्पादन कर कीर्तिमान बना रही हैं। इससे पूर्व इकाई क्रमांक 10 ने लगातार 213 दिन, इकाई क्रमांक 11 ने लगातार 202 दिन और 113 दिन तक विद्युत उत्पादन करने का रिकॉर्ड कायम किया था।

पीएएफ और पीएलएफ में कमाल किया दोनों इकाइयों ने

सारनी की इकाई क्रमांक 10 द्वारा 100.8 प्रतिशत पीएएफ (प्लांट अबेविलिटी फेक्टर) और 98.5 प्रतिशत पीएलएफ (प्लांट लोड फेक्टर) हासिल किया गया। वहीं इकाई क्रमांक 11 को 101 प्रतिशत पीएएफ और 98.7 प्रतिशत पीएलएफ अर्जित करने में सफलता मिली।

अन्य विद्युत इकाइयों ने भी बनाए हैं लगातार विद्युत उत्पादन के कीर्तिमान

मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के विभ‍िन्न ताप विद्युत गृहों की इकाइयों ने इससे पूर्व लगातार विद्युत उत्पादन करने के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह खंडवा की 600 मेगावाट क्षमता की इकाई क्रमांक एक 233 दिन, 660 मेगावाट क्षमता की इकाई क्रमांक चार 102 दिन और संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंगपुर की 210 मेगावाट क्षमता की इकाई क्रमांक तीन ने 119 दिन, 210 मेगावाट क्षमता की इकाई क्रमांक चार ने 130 दिन और इसी इकाई ने लगातार 124 दिन विद्युत उत्पादन करने का कीर्तिमान रचा है।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने दी बधाई

सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी के विद्युत गृह क्रमांक चार की इकाई 10 एवं 11 द्वारा लगातार 100 दिन तक विद्युत उत्पादन करने की अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर (Energy Minister Pradyuman Singh Tomar) , प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे और पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने विद्युत गृह क्रमांक चार के समस्त अभ‍ियंताओं और कार्मिकों को बधाई दी है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews