MP News : बीजेपी पार्षद के पति ने हड़पी सरकारी जमीन! दिग्विजय सिंह ने लगाया आरोप, सीएम शिवराज को लिखा पत्र

दिग्विजय सिंह

Digvijaya Singh/CM Shivraj singh Chouhan : मप्र विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष के नेताओं द्वारा एक के बाद एक मुद्दों को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर सीएम शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के पोषित भू-माफिया द्वारा भोपाल जिले के वार्ड क्र. 84 के पार्षद पति वीरेन्द्र सिंह मारण एवं उनके परिजनों द्वारा अवैध कब्जा की गई शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराने तथा दोषियों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।

बीजेपी पार्षद के पति पर लगे ये आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में लिखा है कि हाल ही में मुझसे सामान्य भेंट के दौरान भोपाल जिले के स्थानीय निवासियों द्वारा बताया गया है कि दिनांक 18.12.2022 को डॉ. अम्बेडकर वार्ड, वार्ड क्र. 26 में एक भूमिपूजन के समारोह में आपके द्वारा नीलबढ़ से लेकर सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में 23 हजार एकड़ की शासकीय भूमि को भू-माफियाओं से कब्जा मुक्त कराने की बात कहीं गई थी, उक्त कार्यक्रम में ही मंच पर आसीन भारतीय जनता पार्टी के वार्ड क्र. 84 के पार्षद पति वीरेन्द्र सिंह मारण द्वारा भोपाल के नीलबढ़ क्षेत्र में करोड़ों रूपये की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किया हुआ है। जनता के मन में यह प्रश्न उठ रहा है क्या आपकी पार्टी के नेताओं द्वारा शासकीय भूमि पर किया गया अवैध कब्जा भू-माफिया की श्रेणी में नही आता है ?

राजनैतिक संरक्षण के चलते भूमि पर दुकान-मार्केट बनाकर कब्जा

उन्होंने आगे लिखा है कि स्थानीय रहवासियों ने बताया है कि भारतीय जनता पार्टी के वार्ड क्र. 84 के पार्षद पति वीरेन्द्र सिंह मारण एवं इनके परिवार द्वारा लगभग 150 करोड़ रूपये की शासकीय भूमि खसरा क्र. 150 जो कि शासन द्वारा गोहा एवं खसरा क्र. 141 चारागाह के नाम पर राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। मारण एवं इनके परिजनों द्वारा राजनैतिक संरक्षण के कारण उक्त भूमि पर दुकाने, पेट्रोल पंप एवं मार्केट आदि बनाकर कब्जा किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रदेश के मुख्यमंत्री वास्तव में माफिया मुक्त प्रदेश की चाह रखते है तो अपनी पार्टी के इस भू-माफिया पर भी कार्यवाही करेंगे अन्यथा आपकी कथनी और करनी में जनता को अंतर नजर आयेगा।

शासकीय भूमि को कब्जामुक्त और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा है कि अतः मेरा आपसे अनुरोध है कि आपकी पार्टी के पोषित भू-माफिया भोपाल जिले के वार्ड क्र. 84 के पार्षद पति वीरेन्द्र सिंह मारण एवं इनके परिजनों द्वारा अवैध कब्जा की गई शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराने तथा दोषियों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही करने के लिए संबंधित को समुचित निर्देश प्रदान करने का कष्ट करें।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews