MP Weather Update: मानसून का असर, आज 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, सीधी-डिंडौरी में ऑरेंज अलर्ट जारी

मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते अगले तीन-चार दिन भारी बारिश का दौर जारी रहने वाला है। आज सीधी और डिंडोरी जिलों में अति भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट और प्रदेश के बाकी सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
mp Weather Update

अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से मध्य प्रदेश में अगले तीन-चार दिन तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है। बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुए मजबूत मौसम तंत्र के कारण पूर्व हिस्से में 18-19 अगस्त तक बादल छाने के साथ तेज बारिश की उम्मीद है।

सोमवार, 17 अगस्त को 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, वहीं 42 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। सीधी और डिंडौरी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक पानी गिर सकता है। इस दौरान बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के ऊपर एक निम्न दबाव क्षेत्र बन गया है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने तथा और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 20- 21 अगस्त तक प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।हालांकि 19 अगस्त तक पूर्वी हिस्से में तेज बारिश का दौर रहेगा।

सोमवार को 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर में रिमझिम

  • भारी बारिश: सीधी, डिंडोरी, सतना, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना और दमोह जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश और गरज-चमक के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं ।
  • हल्की से मध्यम बारिश: भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, उमरिया, छिंदवाड़ा, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

मध्य प्रदेश में अबतक सामान्य से 12% कम बारिश हुई

मध्य प्रदेश में 1 जून से 16 अगस्त 2026 के बीच औसत से करीब 11 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। प्रदेश में अब तक करीब 21.4 इंच ( 544.4 मिलीमीटर) बारिश हुई है जबकी 24.4 इंच (618.8 मिलीमीटर) बारिश होनी चाहिए थी। इस हिसाब से 3 इंच पानी कम गिरा है।

पूर्वी मध्य प्रदेश औसत से 17% और पश्चिमी मध्य प्रदेश औसत से 6% कम पानी गिरा है। 43 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है, सिर्फ प्रदेश के भोपाल, गुना, सीहोर, राजगढ़, ग्वालियर, अनूपपुर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा और खरगोन जिलों में ही सामान्य से अधिक पानी गिरा है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews