आज सभी मतदान केंद्रों पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस, भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम पर रहेगी खास नजर

16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प, भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में राज्यपाल की मौजूदगी में होगा मुख्य आयोजन, उत्कृष्ट निर्वाचन कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
National Voters Day

लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता होता है, और इसी ताकत को सम्मान देने के लिए हर साल राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। रविवार यानी आज मध्यप्रदेश के सभी 71 हजार 930 मतदान केंद्रों पर 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया जा रहा है। इस दिन मतदाताओं को उनके अधिकार और जिम्मेदारी का महत्व समझाया जाएगा।

राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित होगा, जहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट निर्वाचन कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, बूथ लेवल अधिकारियों और स्वयंसेवकों को सम्मानित किया जाएगा, वहीं युवा मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

प्रदेशभर में मतदान केंद्रों पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम

इन कार्यक्रमों का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। हर मतदान केंद्र पर मतदाता शपथ दिलाई जाएगी, जिसमें लोग निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदारी से मतदान करने का संकल्प लेंगे।

मिलेगा विशेष पुरस्कार

इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में किए गए कार्यों को भी विशेष रूप से सराहा जाएगा। भोपाल कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को तकनीकी नवाचार के लिए विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसी श्रेणी में भोपाल जिले के उप जिला निर्वाचन अधिकारी को भी सम्मानित किया जाएगा।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews