Bhopal News : कैलाश विजयवर्गीय ने भोपाल में 29 हजार पेड़ काटे जाने की खबरों को अफवाह बताया, बोले- कुछ लोग मीडिया में आने के लिए इस तरह की बातें कर रहे हैं

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा - विकास के रास्ते में जहाँ  पेड़ आयेंगे वहां पेड़ कटेंगे नहीं हम उन्हें ट्रांसप्लांट करेंगे इंदौर में हमने ऐसा किया है वहां एक भी पेड़ नहीं काटा, भोपाल में भी पेड़ शिफ्ट करेंगे, पेड़ काटे जाने की खबर अफवाह है, इसमें कोई दम नहीं है।
Kailash Vijayvargiya

Bhopal News : मध्य प्रदेश की डॉ मोहन यादव सरकार राजधानी भोपाल में मंत्रियों और विधायकों के लिए नए आवास बनाने वाली है, इसे लेकर तैयारियां तेज हैं लेकिन इसी बीच एक चर्चा तेजी से निकली है कि आवासों के निर्माण के चलते 29 हजार पेड़ काट दिए जायेंगे, कांग्रेस ने भी इस पर आपत्ति उठाई है और इसका विरोध किया है, लेकिन कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आज स्पष्ट किया कि पेड़ काटे जाने की खबर केवल अफवाह है, इसमें कोई दम नहीं है।

राजधानी भोपाल के बढ़ते तापमान के बीच 29 हजार पेड़ काटे जाने की ख़बरों ने भी सियासी तापमान बढ़ा दिया, पिछले कुछ दिनों में ये खबर तेजी से फैली कि सरकार कभी भी पेड़ों की कटाई शुरू कर सकती है, इसलिए प्रकृति से जुड़ी इस खबर की सच्चाई जानने के लिए एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से सीधे बात की।

29 हजार पेड़ काटे जाने की खबर में कोई दम नहीं, ये अफवाह : कैलाश 

एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ के एडिटर इन चीफ वीरेंद्र शर्मा ने जब नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से बात की तो उन्होंने कहा कि विकास भी जरूरी है और पेड़ भी जरूरी है, इसलिए विकास के रास्ते में जहाँ पेड़ आयेंगे वहां पेड़ कटेंगे नहीं हम उन्हें ट्रांसप्लांट करेंगे, इंदौर में हमने ऐसा किया है वहां एक भी पेड़ नहीं काटा, भोपाल में भी पेड़ शिफ्ट करेंगे, उन्होंने कहा पेड़ काटे जाने की खबर अफवाह है, इसमें कोई दम नहीं है।

कांग्रेस ने उठाया है ये मुद्दा, मंत्री ने कसा तंज 

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव खुद प्रकृति प्रेमी हैं उनके नेतृत्व में पेड़ लगाये जा रहे हैं कोई पेड़ नहीं काटे जायेंगे , उन्होंने कहा कि कुछ लोग चाहते हैं कि वे मीडिया में बनें रहें इसलिए इस तरह की अफवाह फैलाते हैं। गौरतलब है कि मीडिया में पेड़ काटे जाने की खबर आने के बाद कांग्रेस भी इस पर सवाल उठा रही है, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कल सोमवार को एक बयान जारी कर सीएम डॉ मोहन यादव से 29 हजार पेड़ काटे जाने के प्रस्ताव को अस्वीकार करने का अनुरोध किया था।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews