राज्यपाल ने किया प्रलय श्रीवास्तव की पुस्तक ‘मध्यप्रदेश में चुनाव और नवाचार’ का विमोचन

राज्यपाल ने किया प्रलय श्रीवास्तव की पुस्तक ‘मध्यप्रदेश में चुनाव और नवाचार’ का विमोचन

Pralay Srivastava’s book launch : छत्तीसगढ़ की महामहिम राज्यपाल अनुसुइया उइके ने शनिवार को लेखक प्रलय श्रीवास्तव की पुस्तक “मध्यप्रदेश में चुनाव और नवाचार“ का विमोचन किया। इस अवसर पर भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ओ.पी. रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वरिष्ठ पत्रकार महेश श्रीवास्तव कार्यक्रम के अध्यक्ष तथा पूर्व मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जे.एस. माथुर, वरिष्ठ पत्रकार एन.के. सिंह, विजयदत्त श्रीधर, उमेश त्रिवेदी एवं रमेश शर्मा, विधायक कृष्णा गौर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसी के साथ कई वरिष्ठ पत्रकार और गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे। पुस्तक में मध्यप्रदेश के चुनाव के इतिहास, नवाचार तथा विभिन्न उपयोगी संदर्भ सामग्री का समावेश किया गया है।

राज्यपाल ने किया विमोचन

इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल अनुसुइया उइके ने कहा कि ‘किसी भी देश के प्रजातंत्र की सफलता उसकी निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर निर्भर होती है। आगामी दिनों में भारतीय मतदाताओं की बड़ी जिम्मेदारी होगी कि वे देश और प्रदेश को सही दिशा देने वाली और जनता का कल्याण करने वाली सरकार चुने। ये तभी संभव होगा जब प्रत्येक मतदाता अपनी जिम्मेदारी समझेगा।’ भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ओ.पी. रावत ने कहा कि ‘देश पर कौन राज करेगा, ये निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया से ही संभव है। पूरे विश्व में भारत की चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र और निष्पक्ष माना जाता है।’ वहीं अध्यक्षीय उद्बोधन में वरिष्ठ पत्रकार महेश श्रीवास्तव ने कहा कि ‘भारतीय निर्वाचन आयोग ने देश के मदमस्त राजनेताओं को अंकुश में रखा है।’ उन्होने लेखक प्रलय श्रीवास्तव की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होने अपने प्रशासनिक जीवन में प्राप्त अनुभवों को लिपिबंद्ध कर समाज को अर्जित ज्ञान बांटने का काम किया है। वरिष्ठ पत्रकार एनके सिंह ने कहा कि इस किताब का लंबे समय से इंतजार था। कार्यक्रम का प्रारंभ प्रख्यात गायिका सुहासिनी जोशी के गायन से हुआ।

लेखक को निर्वाचन कार्यों का लंबा अनुभव

बता दें कि प्रलय श्रीवास्तव मध्य प्रदेश के जनसंपर्क विभाग में राजधानी भोपाल में लंबे समय तक महत्वपूर्ण पद पर रहे और फिलहाल सागर में पदस्थ हैं। नरसिंहपुर में जन्मे प्रलय श्रीवास्तव की छात्र जीवन से ही राजनीति में रूचि थी और सन 1981 तक वे विद्यालयीन-महाविद्यालयीन छात्र राजनीति में सक्रिय रहे। वे साल 1981 में शासकीय सेवा में आए और कुछ समय पश्चात जनसंपर्क विभाग में जनसंपर्क सहायक नियुक्त हुए। 1987 में वे जनसंपर्क विभाग में सहायक जनसंपर्क अधिकारी के पद पर चयनित होकर निरंतर शासकीय सेवा, सहायक संचालक के बाद वर्तमान में जनसंपर्क विभाग में उप संचालक हैं और सागर जिले में पदस्थ हैं। लेखक ने मध्य प्रदेश निर्वाचन कार्य में लंबे समय तक जुड़े रहने के बाद निर्वाचन प्रक्रिया के प्राप्त अनुभव और संदर्भित सामग्री के आधार पर ये पुस्तक लिखी है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews