साबरमती एक्सप्रेस के 22 डिब्बे पटरी से उतरे, कानपुर में हुआ हादसा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

वाराणसी से अहमदाबाद जा रही साबरमती एक्सप्रेस (19168) एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। दरअसल ट्रैन के 22 डिब्बे कानपुर के पास पटरी से उतर गए।
साबरमती एक्सप्रेस के 22 डिब्बे पटरी से उतरे, कानपुर में हुआ हादसा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

वाराणसी से अहमदाबाद जा रही साबरमती एक्सप्रेस (19168) एक बड़े हादसे का शिकार हो गई, जानकारी के अनुसार इसके 22 डिब्बे कानपुर के पास पटरी से उतर गए। वहीं इस दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसा रात करीब 2:45 बजे गोविंदपुरी स्टेशन के नजदीक हुआ, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है, लेकिन कई यात्री मामूली रूप से घायल हो गए हैं। दरअसल रेलवे अधिकारियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है और घायलों को प्राथमिक चिकित्सा मुहैया कराई जा रही है।

इस कारण हुआ हादसा

दरअसल नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब ट्रेन से एक बोल्डर टकरा गया। इसके परिणामस्वरूप ट्रेन के 22 डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे कई ट्रेनों के रूट में बदलाव करना पड़ा। इसके साथ ही, कानपुर से बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनों को रद्द भी कर दिया गया है।

राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी

वहीं हादसे की खबर मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षाकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है, और दुर्घटनास्थल पर बसों और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। रेलवे ने घायलों को जल्द से जल्द नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, सभी घायल यात्रियों की हालत स्थिर है और उन्हें उचित चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।

वहीं मनोज, जो इस ट्रेन के एक यात्री हैं और हादसे में मामूली रूप से घायल हुए हैं, ने बताया कि “जब हादसा हुआ, तब अधिकतर यात्री सो रहे थे। ट्रेन की गति कम थी, जिसकी वजह से हम एक बड़ी त्रासदी से बच गए। अचानक एक जोरदार झटका लगा और कुछ ही सेकंड में ट्रेन के डिब्बे पलटने लगे। सभी यात्री घबराहट में थे, लेकिन ट्रेन की धीमी गति के कारण किसी की जान नहीं गई।”

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews