Hindi News

आज भारतीय शेयर बाजार में जोरदार गिरावट, सेंसेक्स 600 अंक लुढ़का, यहां जानिए बाकी शेयरों का हाल

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आज भारतीय शेयर बाजार जोरदार गिरावट का सामना कर रहा है। सुबह 10:52 पर सेंसेक्स 80,527 के स्तर पर देखा गया, जबकि निफ्टी में बड़ी गिरावट के चलते कारोबार 24,639 के स्तर पर दर्ज किया गया। चलिए जानते हैं, आज भारतीय शेयर बाजार में किस तरह का कारोबार देखने को मिल रहा है।
आज भारतीय शेयर बाजार में जोरदार गिरावट, सेंसेक्स 600 अंक लुढ़का, यहां जानिए बाकी शेयरों का हाल

आज यानी 28 अगस्त 2025 को भारतीय शेयर बाजार में 600 अंकों की बड़ी गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स 80,150 के स्तर पर कारोबार करता हुआ दिखाई दिया, जबकि निफ्टी में भी 200 अंकों से ज्यादा की गिरावट नजर आई। इसके चलते निफ्टी 24,530 के स्तर पर कारोबार करता हुआ देखा गया। आज के कारोबार के दौरान बैंकिंग, आईटी, हेल्थकेयर और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिल रही है।

सबसे पहले सेंसेक्स पर नजर डालें तो आज सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में जोरदार गिरावट देखने को मिली है, जबकि 10 शेयर बाजार को ऊपर खींचने का काम कर रहे हैं। वहीं, निफ्टी के 50 शेयरों में से 32 में गिरावट दर्ज की गई, जबकि 18 शेयरों में तेजी देखी गई। आज एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एचसीएल टेक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। हालांकि, जोमैटो, बजाज फाइनेंस और HUL में तेजी दर्ज की गई। जबकि NSE के सभी इंडेक्स में गिरावट देखने को मिली है।

जानिए आज ग्लोबल मार्केट में कैसा है कारोबार?

वहीं, ग्लोबल मार्केट पर नजर डालें तो आज जापान के निक्केई में 0.50% की तेजी के साथ कारोबार 42,731 के स्तर पर देखा गया। चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 0.072% की तेजी के साथ कारोबार 3,803 के स्तर पर दर्ज किया गया। कोरिया के कोस्पी में भी शानदार तेजी देखने को मिली। कोस्पी 0.52% की बढ़त के साथ 3,203 के स्तर पर कारोबार करता हुआ देखा गया। हालांकि, हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.66% की गिरावट के साथ 25,035 के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आया। आज ग्लोबल मार्केट में कुल मिलाकर तेजी देखने को मिल रही है। इससे पहले 27 अगस्त को अमेरिका का डाउ जोन्स 0.32% की बढ़त के साथ 45,565 के स्तर पर बंद हुआ था।

बीते दिन नहीं हुआ कोई कारोबार

जानकारी दें कि बीते दिन भारतीय शेयर बाजार में कोई कारोबार नहीं हुआ था। गणेश चतुर्थी के अवसर पर शेयर बाजार बंद था। इससे पहले 26 अगस्त को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। उस दिन सेंसेक्स 850 अंकों की गिरावट के साथ 80,787 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 256 अंकों की गिरावट के साथ 24,712 के स्तर पर बंद हुआ था। उस दिन सेंसेक्स के 25 शेयर गिरावट में बंद हुए थे, जबकि निफ्टी के 37 शेयर लाल निशान में रहे। 26 अगस्त को HUL और मारुति सुजुकी शानदार तेजी के साथ बंद हुए, जबकि श्रीराम फाइनेंस, सन फार्मा और टाटा स्टील में जोरदार गिरावट देखने को मिली थी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews