भारतीय शेयर बाजार में आज यानी गुरूवार 23 अप्रैल को कारोबार की शुरुआत कमजोर रही है। दरअसल शुरुआती ट्रेडिंग में BSE सेंसेक्स करीब 700 अंक गिरकर 77,800 के आसपास ट्रेड करता दिखा है। वहीं निफ्टी 50 भी करीब 200 अंक टूटकर 24,200 के नीचे आ गया। बाजार में सबसे ज्यादा दबाव ऑटो सेक्टर के शेयरों पर दिखाई दिया है।
वहीं गुरुवार सुबह के कारोबार में निवेशकों की सावधानी साफ नजर आई। दरअसल बाजार खुलते ही कई बड़े शेयरों में बिकवाली शुरू हो गई जिससे प्रमुख इंडेक्स नीचे खिसक गए। निफ्टी पर कुछ शेयरों ने हल्की मजबूती दिखाई, जिनमें डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, ओएनजीसी, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, सिप्ला और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल रहे। वहीं दूसरी तरफ इंटरग्लोब एविएशन, अल्ट्राटेक सीमेंट, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, एशियन पेंट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसे शेयरों में गिरावट ज्यादा रही।
एशियाई बाजारों में कमजोरी
दरअसल गुरुवार को एशियाई बाजारों में भी दबाव देखा गया है जिसका असर भारतीय बाजार पर पड़ा। बता दें कि दक्षिण कोरिया का KOSPI करीब 1.5% नीचे कारोबार करता दिखा है। वहीं जापान का Nikkei 225 भी 1% से ज्यादा गिरावट में रहा। हांगकांग का Hang Seng इंडेक्स भी लाल निशान में ट्रेड करता नजर आया है।
वहीं इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल भी बाजार पर दबाव बना रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में Brent Crude Oil की कीमत एक बार फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चली गई है।
रुपया फिर हुआ कमजोर
वहीं आज गुरुवार को रुपये में भी हल्की कमजोरी देखी गई है। दरअसल भारतीय मुद्रा डॉलर के मुकाबले करीब 21 पैसे गिरकर 94 रुपये के आसपास खुली है। डॉलर के मुकाबले रुपये की यह गिरावट विदेशी निवेश और वैश्विक बाजार की हलचल से जुड़ी मानी जा रही है। वहीं इससे पहले बुधवार को अमेरिकी बाजार में तेजी देखने को मिली थी। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज करीब 0.7% चढ़कर बंद हुआ, जबकि टेक्नोलॉजी शेयरों वाला नैस्डैक कंपोजिट करीब 1.6% की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसके अलावा S&P 500 भी करीब 1% ऊपर बंद हुआ।





