रिलायंस जियो के IPO को लेकर अपडेट! जून 2026 में हो सकता है लॉन्च, यहां जानिए कितना हो सकता है प्राइस बैंड?

शेयर बाजार के निवेशक हैं और आईपीओ में इंटरेस्ट रखते हैं तो आपके लिए यह खबर काम की हो सकती है। लंबे समय से इंतजार कर रहे रिलायंस जियो के आईपीओ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। बता दें कि रिलायंस ग्रुप की इस कंपनी का आईपीओ जून 2026 में लॉन्च किया जा सकता है।
रिलायंस जियो के IPO को लेकर अपडेट! जून 2026 में हो सकता है लॉन्च, यहां जानिए कितना हो सकता है प्राइस बैंड?

रिलायंस जियो साल 2026 की पहली छमाही में अपना आईपीओ लॉन्च कर सकती है। हाल ही में रिलायंस की एजीएम आयोजित की गई थी, जिसमें कंपनी के अध्यक्ष मुकेश अंबानी की ओर से आईपीओ का जिक्र किया गया था। मुकेश अंबानी ने जून 2026 तक कंपनी के शेयरों को लिस्ट करने के प्लान का जिक्र किया था। उसके बाद से ही इनवेस्टमेंट बैंकरों के अनुमान शुरू हो गए। अनुमान के मुताबिक रिलायंस जियो प्लेटफॉर्म की वैल्यूएशन 130 बिलियन डॉलर से 170 बिलियन डॉलर के बीच हो सकती है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट की मानें तो इस आईपीओ के जरिए रिलायंस ग्रुप की कंपनी रिलायंस जियो अपनी 2.50 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर 4.5 अरब डॉलर जुटाने का प्रयास करेगी। इसके अलावा यह देश का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ भी साबित हो सकता है। इससे पहले साल 2025 में हुंडई मोटर्स इंडिया ने 3.3 अरब डॉलर का आईपीओ पेश किया था।

मुकेश अंबानी पहले ही कर चुके हैं ऐलान

जीरोधा की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, “मुकेश अंबानी ने अगस्त 2025 में 48वीं रिलायंस इंडस्ट्रीज एजीएम मीटिंग में औपचारिक रूप से कहा था कि जियो आईपीओ के लिए फाइल करने की सभी तैयारियां कर रहा है। मुकेश अंबानी ने जानकारी दी थी कि कंपनी भारतीय मार्केट अथॉरिटीज से सभी जरूरी रेगुलेटरी अप्रूवल मिलने के बाद 2026 की पहली छमाही में जियो को लिस्ट करने की प्लानिंग कर रही है, जिसके चलते जून 2026 तक रिलायंस जियो आईपीओ के भारतीय प्राइमरी मार्केट में आने की उम्मीद जताई जा रही है।”

कितना हो सकता है प्राइस बैंड?

वहीं रिलायंस जियो के अनुमानित प्राइस बैंड को लेकर भी चर्चाएं हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी का प्राइस बैंड अनुमानित 1048 से 1457 रुपये प्रति शेयर तक हो सकता है। अनुमानित प्राइस बैंड को लेकर बोनांजा के रिसर्च एनालिस्ट अभिनव तिवारी ने बताया कि “कंपनी के बताए गए वैल्यूएशन रेंज 130 बिलियन डॉलर से 170 बिलियन डॉलर के हिसाब से और रिटेल इन्वेस्टर्स को 15 से 20 प्रतिशत तक डिस्काउंट मिलने की संभावना को देखते हुए रिटेल इन्वेस्टमेंट के लिए रिलायंस जियो आईपीओ शेयर की अनुमानित कीमत 1048 से 1457 रुपये प्रति शेयर के बीच रह सकती है। हालांकि यह इस बात पर भी निर्भर करेगा कि आखिर में कौन सा वैल्यूएशन बैंड तय किया जाता है।”

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन होता है। एक निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले आपको हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लेनी चाहिए। MP BREAKING NEWS की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews