
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों के बारे में जब भी बात की जाती है तो इसमें एलन मस्क और बिल गेट्स जैसे नाम शामिल होते हैं, जबकि भारतीयों में गौतम अडानी और मुकेश अंबानी का नाम सबसे पहले आता है। लेकिन अब अरबपतियों की इस लिस्ट में एक और नाम शामिल हो चुका है। जी हां, यह नाम एक भारतीय उद्योगपति का है। बेलराइज इंडस्ट्रीज के प्रमोटर और मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीकांत बडवे अब इस लिस्ट में शामिल हो चुके हैं। कंपनी के शेयर लिस्टिंग के बाद शानदार उछाल के चलते उनकी संपत्ति में बड़ी बढ़ोतरी हुई है।
जानकारी दें कि बेलराइज इंडस्ट्रीज के शेयर मात्र ₹90 पर लिस्ट हुए थे, लेकिन अब यह ₹166 पर कारोबार कर रहे हैं। 28 मई के बाद इस कंपनी के शेयर में लगभग 83% से ज्यादा का उछाल दिखाई दिया है। यही कारण है कि कुछ ही समय में कंपनी के शेयरों ने मैनेजिंग डायरेक्टर को अरबपतियों की लिस्ट में शामिल करवा दिया है।
कौन है श्रीकांत बडवे?
दरअसल, श्रीकांत बडवे द्वारा साल 1998 में बेलराइज इंडस्ट्रीज की शुरुआत की गई थी। उन्होंने मात्र तीन कर्मचारियों के साथ इसकी शुरुआत की थी और आज के समय में इस कंपनी में 8000 से ज्यादा कर्मचारी हैं। अब यह कंपनी एक जाना-माना ऑटो मैन्युफैक्चरिंग ब्रांड बन चुकी है। देश में इस कंपनी की कुल 17 मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स हैं। कंपनी थ्री-व्हीलर, फोर-व्हीलर, टू-व्हीलर और कमर्शियल व्हीकल्स के लिए पार्ट्स मैन्युफैक्चर करती है। कंपनी का सालाना रेवेन्यू 7000 करोड़ रुपए से भी ज्यादा है। इस कंपनी के 59.56% शेयर श्रीकांत बडवे के पास ही हैं। वह इस कंपनी के 53 करोड़ शेयर अपने पास रखने वाले व्यक्ति हैं। इन शेयरों की मार्केट वैल्यू 9550 करोड़ रुपए है।
कैसे इतनी जल्दी इस लिस्ट में शामिल हुए श्रीकांत बडवे?
श्रीकांत बडवे का अरबपतियों की लिस्ट में शामिल होने का कारण बेल राइस का हाल ही में अच्छा प्रदर्शन करना है। मंगलवार को भी बेल राइस के शेयर में जबरदस्त उछाल देखने को मिला था। शेयर लगभग 6.9% की बढ़त लेकर बीएसई पर ₹164.260 पर पहुंच गया था, जिसके चलते कंपनी का कुल मार्केट कैप 14300 करोड़ रुपए हो चुका था और श्रीकांत की हिस्सेदारी के अनुसार मूल्य ₹8724 करोड़ पहुंच चुका था। इसी के चलते अब उन्हें भारत की अरबपतियों की लिस्ट में शामिल कर लिया गया। बताते चलें कि बेल राइस कंपनी मेटल चेसिस, पॉलीमर कॉम्पोनेंट्स, सस्पेंशन सिस्टम और भारत के टू-व्हीलर मेटल कॉम्पोनेंट्स सेगमेंट बनाने में 24% हिस्सेदारी रखती है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

