नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने ज्वाइंट सीएसआईआर यूजीसी नेट पंजीकरण की तारीख में बदलाव किया है। अब उम्मीदवार 27 अक्टूबर 2025  रात 11:50 बजे तक ऑनलाइन ऑफिशियल वेबसाइट https://csirnet.nta.nic.in/पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले एप्लीकेशन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। लेकिन उम्मीदवारों द्वारा प्राप्त को अनुरोधों को देखते हुए एनटीए ने डेडलाइन आगे बढ़ाने का फैसला लिया।

नोटिस के मुताबिक उम्मीदवार शुल्क भुगतान 25 अक्टूबर तक नहीं बल्कि 28 अक्टूबर तक कर सकते हैं। करेक्शन पोर्टल 30 अक्टूबर को खुलने वाला है। उम्मीदवारों को एप्लीकेशन फॉर्म में सुधार का मौका 1 नवंबर तक मिलेगा। पहले करेक्शन विंडो 27 अक्टूबर से लेकर 29 अक्टूबर तक ओपन रहने वाला था। कैंडीडेट माता-पिता के नाम, कैटेगरी, एड्रेस और एग्जाम सिटी में बदलाव या सुधार करने की अनुमति होगी।

ऐसे करें आवेदन 

  • सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएँ।
  • होम पेज पर कैंडिडेट एक्टिविटी के ऑप्शन में “सीएसआईआर यूजीसी नेट दिसंबर 2025 के रजिस्ट्रेशन” लिंक पर क्लिक करें।
  • स्क्रीन पर नया पेज खुलेगा। यहां न्यू रजिस्ट्रेशन के विकल्प को चुनें।
  • कॉन्टेक्ट डीटेल्स, ऐड्रेस और पर्सनल डीटेल्स दर्ज करके पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें।
  • इसके बाद एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करके लॉगिन करें और अपने आवेदन पत्र को भरना शुरू करें।
  • जरूरी जानकारी दर्ज करें। दस्तावेजों को सही साइज और फॉर्मेट में अपलोड करें।
  • शुक्ल का भुगतान करें और एप्लीकेशन फॉर्म जमा करें।
  • कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करें। भविष्य के संदर्भ में इसका प्रिन्ट आउट निकाल कर भी रख सकते हैं।

कौन भर सकता है आवेदन पत्र?

सीएसआईआर यूजीसी नेट के लिए 55% अंकों के साथ मास्टर डिग्री होल्डर या 75% अंक के साथ 4 विरक्षीय यूजी डिग्री होल्डर फॉर्म भर सकते हैं। जूनियर रिसर्च फ़ेलोशिप के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष है।  एससी/एसटी/ओबीसी पीडब्ल्यूडी/ महिला कैंडिडेट्स को एज लिमिट में छूट भी मिलेगी। असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी दाखिले के लिए कोई भी अधिकतम आयु सीमा तय नहीं की गई है। डिग्री और परसेंटेज मार्क्स के आधार पर उम्मीदवारों का सेलेक्शन होगा।

कब होगी परीक्षा?

सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन 18 दिसंबर को देशभर के विभिन्न शहरों में दो शिफ्टों में किया जाएगा। परीक्षा की अवधि 180 मिनट होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:00 बजे से लेकर दोपहर 12:00 तक चलेगी। दूसरी शिफ्ट दोपहर3:00 से लेकर शाम 6:00 बजे तक जारी रहेगी। उम्मीदवारों को डेढ़ घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा।