किसने रची पूरे गांव को जान से मारने की साजिश? पानी में मिलाया ज़हर, 36 हैंडपंप का पानी मिला दूषित, प्रशासन लेगा एक्शन

कलेक्टर ने बताया मौके से फसल में डालने वाला पेस्टीसाइज मिला है जो बहुत जहरीला होता है। पुलिस को भी मामला दर्ज करने के लिए कहा गया है। जो कोई भी ये कर रहा है उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जायेगा। 
Damoh News

Damoh News:  दमोह के एक गांव से बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां पूरे गांव को जान से मारने की साजिश रची गई है और इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद हड़कम्प और दहशत फैली हुई है। गांव के सार्वजनिक हैंडपंप में ज़हर मिलाया गया है। जिसका पानी पीने से कुछ लोगों को परेशानी हुई, शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने उस हैंडपंप को सील कर दिया, कलेक्टर ने कहा है कि दोषी के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जायेगा ।

एमपी के दमोह जिले के बेहद पिछड़े माने जाने वाले तेन्दूखेड़ा ब्लाक का ये गुबरा गांव आज सुबह से दहशत के साये में है, दहशत लाज़िमी है वो इसलिए भी कि कोई है जो पूरे गांव को मौत की नींद सुलाना चाहता है। ये इसलिए भी कहा जा सकता है कि गांव के जिस हैंडपंप का पानी लोग पीते हैं वो किसी ने जहरीला कर दिया है। सुबह सुबह लोगों ने इस हैंडपंप से पानी निकाला और उपयोग किया तो चार लोग बेहोश हो गए, अचानक पानी के उपयोग से बेहोश हुए लोगों को देखकर सब भौचक्के रह गए और लोगों को अस्पताल भेजा गया, गांव वालों ने तफ्तीश की तो पाया कि हैंडपंप के पास एक ज़हर ( कीटनाशक) का खाली डिब्बा डला हुआ था, जब लोगो ने हैंडपंप चलाकर देखा तो पानी के साथ झाग निकल रहा था, लोग समझ गए कि पानी में ज़हर मिलाया गया है।

शिकायत के बाद हैंडपंप सील 

ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी, मौके पर पुलिस पहुंची, जिले के कलेक्टर को भी इसकी सूचना दी गई तो पी एच ई विभाग के अफ़सरो को मौके पर भेजा गया है जहां जांच जारी है, इलाके के एसडीएम के मुताबिक हैंडपंप में ज़हर घोलने की शिकायत है कुछ लोग इस पानी का शिकार भी हुए हैं, लोगों को इस पानी का उपयोग करने से मना किया गया है, हर पहलू पर जांच की जा रही है।

36 हैण्डपंपों का पानी जहरीला, कलेक्टर ने FIR के आदेश दिए 

जिले के कलेक्टर सुधीर कोचर ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर शिकायत सही पाई गई है, उस हैंडपंप को सील कर दिया गया है, उन्होंने बताया जिले के हैण्डपम्पों की जाँच कराई गई है जिसमें 36 हैंडपंप ऐसे मिले हैं जिनका पानी दूषित है , इन सभी के पानी के सेंपल लेकर जाँच के लिए भेज दिए हैं  मौके से फसल में डालने वाला पेस्टीसाइज मिला है जो बहुत जहरीला होता है। पुलिस को भी मामला दर्ज करने के लिए कहा गया है। जो कोई भी ये कर रहा है उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जायेगा।

[dgv_vimeo_video id=”1051923493″]

[dgv_vimeo_video id=”1051923653″]

[dgv_vimeo_video id=”1051923862″]

[dgv_vimeo_video id=”1051924076″]

दमोह से दिनेश अग्रवाल की रिपोर्ट

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews