
दमोह के प्रसिद्ध पन्ना टाइगर रिजर्व के बफर जोन में टाइगर के मूवमेंट की जानकारी सामने आई है। जिले के मडियादो ग्रामीण इलाके में बाघ की हलचल देखने को मिली है। इस वजह से जहां ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं यहां आयोजित हीने वाले एक मेले को भी स्थगित कर दिया गया है।
वन विभाग और प्रशासन की ओर से अनाउंसमेंट कर लोगों को बाघ के मूवमेंट की जानकारी दी जा रही है। ग्रामीणों से सतर्क रहने बाघ के नजर आने पर तुरंत सूचना देने को कहा गया है। इस सूचना के चलते ग्रामीण भी परेशान हैं।
दमोह में टाइगर का मूवमेंट
दमोह में टाइगर का ये मूवमेंट भरका वन चौकी के तहत आने वाले झाड़ू धाम बाबा के आसपास देखने को मिला है। वनकर्मियों ने ही यहां टाइगर को देखा और इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी। बफर जोन में टाइगर की हलचल के बाद लोगों से अधिक सतर्कता बरतने को कहा गया है। बता दें कि टाइगर रिजर्व में बफर जोन वो इलाका होता है, जो मुख्य कोर जोन के आसपास होता है। ये क्षेत्र बाघ और इंसानों के बीच दूरी बनाकर रखने और बाहरी गतिविधियों से मुख्य जंगल की रक्षा करने के लिए बनाया जाता है।
निरस्त किया गया मेला
बफर जोन में टाइगर के दिखाई देने के बाद झाड़ू बाबा धाम और आसपास का गांव में मुनादी कराई गई है। फॉरेस्ट टीम द्वारा लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को बाघ के मूवमेंट के बारे में बताया जा रहा है। यह जानकारी भी दी जा रही है कि यहां आयोजित किया जाने वाला मेला स्थगित कर दिया गया है। लोगों को लगातार सावधान रहने को कहा जा रहा है।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

