धार में स्पेशल 26 जैसी डकैती, इनकम टैक्स अफसर बनकर ठेकेदार के घर से 50 तोला सोना और 4 लाख रुपये लूटे, दंपति को कमरे में किया बंद

मध्य प्रदेश के धार जिले में शुक्रवार को फिल्मी अंदाज में एक बड़ी वारदात हुई। यहां 5 बदमाश खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर एक ठेकेदार के घर में घुसे और करीब 50 तोला सोना, 4 लाख रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। जाते-जाते वे ठेकेदार और उनकी पत्नी को एक कमरे में बंद कर गए।
धार में स्पेशल 26 जैसी डकैती, इनकम टैक्स अफसर बनकर ठेकेदार के घर से 50 तोला सोना और 4 लाख रुपये लूटे, दंपति को कमरे में किया बंद

मध्य प्रदेश के धार जिले के बाग इलाके में शुक्रवार सुबह एक ठेकेदार के घर में ‘स्पेशल 26’ फिल्म की तर्ज पर सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। पांच अज्ञात बदमाश खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर एक ठेकेदार के घर में दाखिल हुए और परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में लूट का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना बाग के ब्राह्मण मोहल्ले में रहने वाले ठेकेदार राजकुमार मालवी के घर पर सुबह करीब 10 बजे हुई। मालवी के अनुसार, एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से पांच लोग उनके घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाते ही खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताया। उन्होंने कहा कि उनके पास ब्लैकमनी होने की शिकायत मिली है, जिसकी जांच करने आए हैं।

सरकारी काम में बाधा मत डालो, कहकर शुरू की तलाशी

पीड़ित ठेकेदार राजकुमार मालवी ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों पर यकीन कर जांच में सहयोग किया। बदमाशों ने घर में घुसते ही कहा, “हम पहले रेकी कर आए हैं, तुम साइड में रहो, सरकारी काम में बाधा मत डालो।” इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी लेना शुरू कर दिया। जब उनसे पहचान पत्र (ID) मांगा गया तो उन्होंने दिखाने से इनकार कर दिया और कहा कि उनकी टीम 4 और जगहों पर सर्चिंग कर रही है, बाद में देंगे।

ठेकेदार की पत्नी कृष्णा मालवीय के मुताबिक, बदमाशों ने उनसे अलमारी की चाबी मांगी और लॉकर खोलकर उसमें रखे करीब 50 तोला (500 ग्राम) सोने के गहने और 4 लाख रुपये नकद निकाल लिए। इन गहनों में उनकी बेटी की शादी के लिए रखे जेवर भी शामिल थे।

“वे हार और चूड़ी समेत 50 तोला सोना, 4 लाख नकद और तीन मोबाइल ले गए। फिर हमें एक कमरे में बंद कर दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।” — कृष्णा मालवीय, पीड़िता

पुलिस ने ताला तोड़कर दंपती को बाहर निकाला

लूटपाट करने के बाद बदमाश ठेकेदार राजकुमार और उनकी पत्नी कृष्णा को एक कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए। अंदर बंद दंपती ने शोर मचाना शुरू किया, जिसे सुनकर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। पड़ोसियों ने तुरंत बाग पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का ताला तोड़कर मालवी दंपती को सुरक्षित बाहर निकाला।

जांच में जुटी पुलिस, CCTV फुटेज जारी

घटना की सूचना मिलते ही कुक्षी एसडीओपी सुनील गुप्ता और टीआई राजेश यादव समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। जांच के दौरान, बदमाशों द्वारा ले जाए गए तीन मोबाइलों में से एक फोन बायपास रोड पर कचरे के ढेर से बरामद हुआ है। एसपी मयंक अवस्थी ने बताया कि धार से साइबर टीम को भी जांच के लिए बाग भेजा गया है और जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई काली स्कॉर्पियो का सीसीटीवी फुटेज जारी कर आम लोगों से अपील की है कि वाहन या आरोपियों के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews