बॉलीवुड कैंप में शामिल होने को लेकर अमीषा पटेल ने कही ये बात, स्टारकिड्स पर कसा तंज

अमीषा पटेल ने कहा कि बॉलीवुड में टिके रहने के लिए किसी कैंप या ग्रुप का हिस्सा होना जरूरी नहीं है, दर्शक सिर्फ अच्छे काम को देखते हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें शुरुआत से ही बड़ी फिल्में टैलेंट के दम पर मिलीं, न कि पार्टियों या चमचागिरी से...
ameesha patel

बॉलीवुड में 2000 का दौर जब ऋतिक रोशन और अमीषा पटेल की फिल्म कहो ना प्यार है ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाई थी। उस वक्त अचानक से अमीषा पटेल का करियर चमक उठा। इसके बाद गदर: एक प्रेम कथा जैसी ब्लॉकबस्टर और हमराज, मंगल पांडे जैसी फिल्मों ने उन्हें मजबूत पहचान दिलाई। उसके बाद लंबे समय तक उन्होंने खुद को फिल्मों से दूर रखा। फिर अभिनेत्री ब्रेक के बाद ‘गदर 2’ में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनकी धमाकेदार एंट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद वह मीडिया में अक्सर ही छाई रहती हैं, लेकिन इस बार वह इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर डायरेक्टर अनिल शर्मा के साथ बयानबाजी को लेकर सुर्खियों में हैं।

अब इतने साल बाद जब अमीषा पटेल से पूछा गया कि बॉलीवुड में टिके रहने के लिए किसी कैंप या ग्रुप का हिस्सा होना कितना जरूरी है, तो उन्होंने साफ-साफ कहा कि कैंप से कोई फर्क नहीं पड़ता, फर्क सिर्फ आपकी मेहनत और दर्शकों के प्यार से पड़ता है।

एक्ट्रेस ने कही ये बात

एक इंटरव्यू में अमीषा ने बताया कि उनका कभी भी किसी कैंप या ग्रुप से लेना-देना नहीं रहा। उन्होंने कहा कि जब मैंने फिल्मों की शुरुआत की, तब मुझे कहो ना प्यार है, गदर, हमराज, भूल भुलैया जैसी फिल्में मिलीं। अजय देवगन, सलमान खान, आमिर खान, संजय दत्त जैसे बड़े सितारों के साथ स्क्रीन शेयर किया। दर्शकों ने मुझे हमेशा प्यार दिया। मुझे आज तक ये नहीं लगा कि किसी पार्टी या कैंप का हिस्सा बने बिना काम मिलना नामुमकिन है।

एक्ट्रेस ने आगे कहा कि मैंने कभी सिगरेट नहीं पी, शराब नहीं पी, न ही किसी को खुश करने के लिए चमचागिरी की। मुझे जो भी काम मिला, मेरी टैलेंट की वजह से मिला। हां, कई बार बुरा जरूर लगता था कि आप रोल डिजर्व करते हैं, लेकिन वो किसी और को दे दिया जाता है क्योंकि आप पार्टियों में नहीं जाते, लेकिन ठीक है, मैं खुश हूं क्योंकि मुझे वैसी इंसानियत दिखानी ही नहीं थी।

स्टारकिड्स पर कही ये बात

बातों-बातों में अमीषा ने आज की नई पीढ़ी के एक्टर्स, खासकर स्टारकिड्स पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आजकल के कलाकार इंडस्ट्री के अनलिखे नियम मानने में लगे रहते हैं। पार्टियों में जाना, सही लोगों से दोस्ती करना और कैंप्स का हिस्सा बनना, लेकिन जब बॉक्स ऑफिस पर उनकी फिल्मों का हाल देखा जाता है, तो तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आती है। उन्होंने सीधे कहा दर्शकों को फर्क नहीं पड़ता कि आप किसके दोस्त हैं या किस पार्टी में जाते हैं। लोग सिर्फ आपका काम देखते हैं। आज के कई स्टारकिड्स चाहे वो सुहाना खान हों, खुशी कपूर हों या फिर इब्राहिम अली… सभी को अपनी पहली फिल्म बड़े पर्दे की बजाय ओटीटी पर रिलीज करनी पड़ी।

बना चर्चा का विषय

आगे उन्होंने अपनी बात को रखते हुए कहा कि दर्शक वही फिल्म देखता है जो उसे दिल को छू जाए। गदर 2 में मैंने सकीना का किरदार निभाया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचाया। उन्हें इससे कोई मतलब नहीं होता कि आप किस ग्रुप से आते हैं। अब उनकी यह बातें मीडिया में तेजी से फैल रही है।

Sanjucta Pandit
लेखक के बारे में
Sanjucta Pandit

सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

मैं संयुक्ता पंडित वर्ष 2022 से MP Breaking में बतौर सीनियर कंटेंट राइटर काम कर रही हूँ। डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन और बीए की पढ़ाई करने के बाद से ही मुझे पत्रकार बनना था। जिसके लिए मैं लगातार मध्य प्रदेश की ऑनलाइन वेब साइट्स लाइव इंडिया, VIP News Channel, Khabar Bharat में काम किया है। पत्रकारिता लोकतंत्र का अघोषित चौथा स्तंभ माना जाता है। जिसका मुख्य काम है लोगों की बात को सरकार तक पहुंचाना। इसलिए मैं पिछले 5 सालों से इस क्षेत्र में कार्य कर रही हुं। View all posts by Sanjucta Pandit →
Follow Us :GoogleNews