हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में पिछड़े किंग खान, इस फिल्मी शख्सियत ने मारी बाजी

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 में फिल्म निर्माता इस फिल्मी शख्सियत ने 13,300 करोड़ की संपत्ति के साथ बॉलीवुड के सबसे अमीर एक्टर शाहरुख खान को पीछे छोड़ दिया है। करण जौहर और बच्चन परिवार भी सूची में शामिल हैं।
Rich Person ai

भारत में फिल्म इंडस्ट्री (बॉलीवुड) करोड़ों लोगों के सपनों की दुनिया है। बॉलीवुड की दुनिया सिर्फ ग्लैमर और चमक-धमक तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां ऐसे लोगों की कहानियां भी हैं जिन्होंने अपनी मेहनत, संघर्ष और सोच से करोड़ों का साम्राज्य खड़ा किया है। यहां हर दिन कोई न कोई स्टार बनता है, कहानियां बनती हैं और उन सभी की जिंदगी पर असर पड़ता है। बॉलीवुड की इस दुनिया में जहां एक्टर्स अपनी पॉपुलैरिटी और कमाई की वजह से सुर्खियों में रहते हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो कैमरे के पीछे रहकर पूरी इंडस्ट्री पर राज करते हैं। यहां किस्मत का सिक्का चमकना किसी चमत्कार से कम नहीं होता है। किसी को इस राह पर उनकी मंजिल जल्दी और आसानी से मिल जाती है, तो वहीं कितने लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें कई सालों बाद भी काम, नाम और शोहरत तलाशनी पड़ती है।

आज हम ऐसे ही एक इंसान की बात कर रहे हैं, जिसने अपने दम पर पूरी फिल्म इंडस्ट्री में नई पहचान बनाई, जिसका नाम रॉनी स्क्रूवाला है। अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर हमने इनका नाम ही क्यों लिया। दरअसल, फिल्म निर्माता और बिजनेसमैन रोनी स्क्रूवाला अब हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 में बॉलीवुड के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं।

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025

बादशाह शाहरुख खान हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 के मुताबिक, शाहरुख अब अरबपति बनने वाले पहले भारतीय अभिनेता बन गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति 1.4 अरब डॉलर यानी करीब ₹12,500 करोड़ तक पहुंच चुकी है, लेकिन हैरानी की बात ये है कि शाहरुख इस लिस्ट में सबसे अमीर फिल्मी शख्सियत नहीं हैं, बल्कि फिल्म निर्माता और बिजनेसमैन रोनी स्क्रूवाला उनसे भी आगे निकल चुके हैं, जिनकी संपत्ति 1.5 अरब डॉलर (करीब 13,300 करोड़ रुपये) आंकी गई है।

रोनी स्क्रूवाला

रोनी स्क्रूवाला का नाम भले ही आम दर्शकों में शाहरुख की तरह मशहूर न हो, लेकिन उनका सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। उन्होंने 80 के दशक में टूथब्रश बनाने के काम से करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने अपना केबल टीवी नेटवर्क शुरू किया और 1990 में ‘यूटीवी’ नाम की कंपनी खड़ी की। यह कंपनी धीरे-धीरे टीवी शो और फिर फिल्मों की दुनिया में छा गई। स्क्रूवाला के प्रोडक्शन में बनी लक्ष्य, स्वदेश, रंग दे बसंती, जोधा अकबर और फैशन जैसी फिल्में आज भी याद की जाती हैं। साल 2012 में उन्होंने यूटीवी को डिज्नी को लगभग एक अरब डॉलर में बेच दिया था। इसके बाद उन्होंने RSVP Movies नाम से नई प्रोडक्शन कंपनी बनाई, जिसके बैनर तले केदारनाथ, उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक और सैम बहादुर जैसी सफल फिल्में बनीं। फिल्मों के अलावा स्क्रूवाला ने शिक्षा और टेक्नोलॉजी में भी बड़े निवेश किए हैं। upGrad और Unilazer Ventures जैसी कंपनियों में उनका बड़ा हिस्सा है।

एक इंटरव्यू में रॉनी ने खुद बताया था कि शुरुआती दिनों में उनका बिजनेस तीन बार दिवालिया हुआ। उनके पास कर्मचारियों को सैलरी देने तक के पैसे नहीं थे। हालांकि, कमाल की बात यह थी कि जब वो पहली बार पेमेंट नहीं कर पाए, तो उनके ही कर्मचारी उन्हें डांटने के बजाय ड्रिंक पर ले गए। बस यहीं से उन्हें भरोसा मिला कि सही टीम और ईमानदारी से किया गया काम देर-सवेर रंग जरूर लाता है।

शाहरुख खान

अब बात करें शाहरुख खान की, तो उनका नाम सिर्फ पर्दे पर ही नहीं, बल्कि बिजनेस की दुनिया में भी चमकता है। शाहरुख की कमाई का बड़ा हिस्सा फिल्मों, विज्ञापनों और प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट से आता है। मुंबई के बांद्रा में उनका आलीशान बंगला मन्नत करीब 200 करोड़ रुपये का बताया जाता है। इसके अलावा, उनके पास लंदन के पार्क लेन में अपार्टमेंट, दुबई में विला, अलीबाग में फार्महाउस और लॉस एंजिल्स के पास एक लक्ज़री हॉलिडे होम भी है। शाहरुख का गैराज किसी राजकुमार के सपनों से कम नहीं है। उनके पास बुगाटी वेरॉन, रोल्स-रॉयस फैंटम, बेंटले कॉन्टिनेंटल जीटी, बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज और ऑडी जैसी कई शानदार गाड़ियां हैं।

इनका नाम भी शामिल

हालांकि, एक्टर्स की कैटेगरी में शाहरुख अब भी सबसे ऊपर हैं, लेकिन प्रोड्यूसर के रूप में रॉनी स्क्रूवाला ने इस रेस में बाजी मार ली है। वहीं, करण जौहर लगभग 1,880 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ इस लिस्ट में शामिल हैं, जबकि बच्चन परिवार लगभग 1,630 करोड़ रुपये के साथ इस फेहरिस्त में है। इसके अलावा, भूषण कुमार और आदित्य चोपड़ा जैसे नाम भी इस लिस्ट में शामिल हैं।

कैसे बनती है ये लिस्ट?

बता दें कि भारत में अमीरों की सूची “हुरुन इंडिया रिच लिस्ट” हर साल चर्चा बनी रहती है। हुरुन रिपोर्ट वैश्विक रिसर्च फर्म है जो रिच लिस्ट्स और स्टार्टअप लिस्ट्स बनाती है। हुरुन इंडिया भारत के अमीर व्यक्तियों की सूची तैयार करती है। इस लिस्ट में उनकी कुल संपत्ति, कारोबार, निवेश और अन्य सोर्से्ज शामिल होते हैं। हालांकि, कई अमीरों की निजी जानकारी सार्वजनिक नहीं होती इसलिए अनुमान लगाने पर निर्भर रहना पड़ता है। संपत्ति की असल मूल्य का पता लगाना कठिन है। भूमि, कंपनियां आदि की असली कीमत कहीं-कहीं बेहद अगल होती है।

Sanjucta Pandit
लेखक के बारे में
Sanjucta Pandit

सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

मैं संयुक्ता पंडित वर्ष 2022 से MP Breaking में बतौर सीनियर कंटेंट राइटर काम कर रही हूँ। डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन और बीए की पढ़ाई करने के बाद से ही मुझे पत्रकार बनना था। जिसके लिए मैं लगातार मध्य प्रदेश की ऑनलाइन वेब साइट्स लाइव इंडिया, VIP News Channel, Khabar Bharat में काम किया है। पत्रकारिता लोकतंत्र का अघोषित चौथा स्तंभ माना जाता है। जिसका मुख्य काम है लोगों की बात को सरकार तक पहुंचाना। इसलिए मैं पिछले 5 सालों से इस क्षेत्र में कार्य कर रही हुं। View all posts by Sanjucta Pandit →
Follow Us :GoogleNews