
बॉलीवुड में वरुण धवन की एनर्जी और चार्म हमेशा ही फैंस को आकर्षित करता है। वे कभी डांस फ्लोर पर धमाल मचाते नजर आते हैं, तो कभी पर्दे पर रोमांस और कॉमेडी का परफेक्ट तड़का लगाकर फैंस का दिल जीत लेते हैं। वहीं, जाह्नवी कपूर ने भी अपनी फिल्मों से एक अलग पहचान बनाई है। दोनों की जोड़ी पहली बार बवाल में नजर आई थी, जहां रोमांस और ड्रामा का कॉम्बिनेशन देखने को मिला था। अब यह जोड़ी एक नए अंदाज में वापसी कर रही है।
इस बार कहानी और भी ज्यादा मजेदार और हल्की-फुल्की है। दररअसल, उनकी अपकमिंग फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी (SSKTK) का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसने सोशल मीडिया पर आते ही फैंस की एक्साइटमेंट डबल हो चुकी है।
रोमांस और कॉमेडी का तड़का
फिल्म का नाम जितना दिलचस्प है, उसका ट्रेलर उतना ही मजेदार है। शशांक खैतान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शुरुआत से ही हल्की-फुल्की कॉमेडी और रिलेटेबल रोमांस का मसाला है। कहानी दो किरदारों सनी (वरुण धवन) और तुलसी (जाह्नवी कपूर) के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों अपने-अपने प्यार को पाने के लिए जुगाड़ और प्लानिंग करते हैं, लेकिन किस्मत उन्हें एक अलग राह पर ले जाती है।
सनी को अनन्या से प्यार है, लेकिन वह विक्रम से शादी करने वाली है। दूसरी ओर तुलसी का दिल भी उसी विक्रम पर आया है। जब दोनों का प्यार ठुकरा दिया जाता है, तो सनी और तुलसी मिलकर एक प्लान बनाते हैं, ताकि वह अपने पार्टनर्स को जला सके, लेकिन प्लानिंग के चक्कर में दोनों खुद ही एक-दूसरे के करीब आने लगते हैं और यहीं से असली कॉमेडी ऑफ एरर्स शुरू होती है।
देखें ट्रेलर
करीब तीन मिनट के इस ट्रेलर में कॉमिक पंचेस, रोमांटिक सीक्वेंस और बॉलीवुड के पॉपुलर रेफरेंसेस का तड़का देखने को मिला है। इसमें बाहुबली, राजा बाबू और यहां तक कि कटरीना कैफ तक का जिक्र सुनकर फैंस अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं, जिसका नजारा सोशल मीडिया कमेंट्स के जरिए देखा जा सकता है। वरुण धवन का कॉमिक टाइमिंग पहले ही साबित हो चुका है और जाह्नवी कपूर इस बार काफी फ्रेश और एक्सपेरिमेंटल अंदाज में नजर आने वाली हैं। ट्रेलर के कुछ सीन्स ऐसे हैं जो तुरंत ही आपके चेहरे पर मुस्कान ले आते हैं। कभी दोनों के बीच की खट्टी-मीठी नोकझोंक हंसा देती है, तो कभी उनकी बढ़ती नजदीकियां दिल को छू लेती हैं।
View this post on Instagram
वरुण-जाह्नवी की केमिस्ट्री
बवाल के बाद यह दोनों स्टार्स दूसरी बार एक साथ दिखने वाले हैं। उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री फैंस को काफी पसंद आई थी। वहीं, इस बार का सेटअप हल्का-फुल्का और मजेदार होने के कारण उम्मीद है कि दोनों कमाल करने वाले हैं। धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी अगले महीने 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के दिन सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। छुट्टी का दिन होने की वजह से फिल्म की ओपनिंग पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

