
अगर 80 के दशक की बात करें, तो यह समय मल्टी-स्टारर फिल्मों का था। निर्माता-निर्देशक जानते थे कि जब एक ही फिल्म में कई बड़े सितारे होंगे, तो दर्शकों की उत्सुकता दोगुनी हो जाएगी। इसी कारण क्रांति, राम बलराम, काला पत्थर जैसी फिल्में बनीं और हिट भी रहीं। हिंदी सिनेमा के इतिहास में कुछ नाम ऐसे दर्ज हैं, जिनका ज़िक्र होते ही मल्टी-स्टारर फिल्मों की यादें ताज़ा हो जाती हैं। इनमें से एक नाम राजकुमार कोहली है। नागिन से लेकर जानी दुश्मन तक, उनकी फिल्मों में कलाकारों की पूरी फौज हुआ करती थी। यही वजह है कि उन्हें बॉलीवुड में मल्टी-स्टारर फिल्मों के उस्ताद माना जाता था।
आज हम आपको साल 1984 में आई राज तिलक के से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाएंगे। दरअसल, राजकुमार कोहली का सपना था कि वह इस फिल्म में सुपरस्टार फिरोज खान को कास्ट करें।
इसपर था ध्यान
हालांकि, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उस दौर में फिरोज खान अपने करियर के शिखर पर थे। उनकी फिल्म कुर्बानी ने बॉक्स ऑफिस पर बेमिसाल सफलता पाई थी और फिरोज का रुतबा फिल्म इंडस्ट्री में अलग ही स्तर पर पहुंच गया था। कामयाबी के बाद फिरोज खान का पूरा ध्यान अपनी प्रोडक्शन कंपनी और खुद के बैनर तले बनने वाली फिल्मों पर था। उनका मानना था कि अगर वह खुद फिल्म बनाएंगे और उसमें अभिनय करेंगे तो कमाई ज़्यादा होगी। इसी सोच के चलते उन्होंने कई बड़े निर्देशकों के ऑफर ठुकरा दिए। इनमें से एक ऑफर था राजकुमार कोहली की राज तिलक का…
ऐसे लगी फिल्म हाथ
राजकुमार कोहली की दिली ख्वाहिश थी कि फिरोज उनकी इस मल्टी-स्टारर फिल्म का हिस्सा बनें, लेकिन फिरोज अपने फैसले पर अड़े रहे और यह प्रोजेक्ट हाथ से निकल गया। फिरोज के इंकार के बाद कोहली साहब ने यह रोल सुनील दत्त को ऑफर किया। दत्त का नाम आते ही फिल्म को नया आयाम मिल गया। उनकी सधी हुई एक्टिंग और स्क्रीन प्रेज़ेंस ने राज तिलक में जान फूंक दी। फिल्म में उनका साथ धर्मेंद्र और राज कुमार जैसे दिग्गजों ने दिया। तीनों की जबरदस्त केमिस्ट्री ने फिल्म को दर्शकों की पहली पसंद बना दिया।
हुई थी इतनी कमाई
इसमें कमल हासन, हेमा मालिनी, रीना रॉय, प्राण, रंजीत, ओम प्रकाश, अजित, मदन पुरी, रजा मुराद और राज किरण जैसे सितारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थी। आईएमडीबी के मुताबिक, राज तिलक का बजट लगभग 3 करोड़ रुपये था। उस दौर में यह आंकड़ा काफी बड़ा माना जाता था। लेकिन फिल्म ने उम्मीद से कहीं ज्यादा कमाई की और बॉक्स ऑफिस पर 8 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। उस साल रिलीज़ हुई फिल्मों में यह टॉप-5 कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

