
बॉलीवुड में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का करियर हमेशा से ही चर्चा में रहा है। उन्होंने शाहरुख खान के साथ फिल्म ओम शांति ओम से बड़े पर्दे पर कदम रखा था और अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों के दिलों में जगह बना ली थी। इसके बाद दीपिका ने लव आज कल, कॉकटेल, चेन्नई एक्सप्रेस, गोलियों की रासलीला राम-लीला, बाजीराव मस्तानी और पद्मावत जैसी फिल्मों में दमदार परफॉर्मेंस देकर खुद को इंडस्ट्री की टॉप अभिनेत्रियों में शामिल कर लिया। उन्होंने ग्लैमरस किरदारों के साथ-साथ गंभीर और चुनौतीपूर्ण रोल भी बखूबी निभाए हैं। हॉलीवुड फिल्म XXX: रिटर्न ऑफ जेंडर केज में काम करके दीपिका ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई।
अपने करियर में वह कई बार फीस को लेकर भी सुर्खियों में रही हैं, क्योंकि दीपिका बॉलीवुड की उन गिनी-चुनी अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने पुरुष सह-कलाकारों के बराबर फीस की मांग रखी है।
कल्कि 2898 एडी
हाल ही में वह फिल्म कल्कि को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। नाग अश्विन के निर्देशन में बनी फिल्म कल्कि 2898 एडी बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। दर्शकों को उनकी अदाकारी काफी पसंद आई थी, लेकिन अब खबर सामने आई है कि दीपिका पादुकोण को कल्कि 2898 एडी के सीक्वल से बाहर कर दिया गया है। लंबे समय से कयास लगाए जा रहे थे कि वह इस फिल्म का हिस्सा नहीं होंगी, लेकिन अब मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि कर दी है। सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में उन्होंने बिना कारण बताए लिखा कि कल्कि कमिटमेंट और उससे भी कहीं ज्यादा की हकदार।
फैंस निराश
इस लाइन ने फैंस को चौंका दिया और हर कोई असली वजह जानने के लिए उत्सुक हो गया। रिपोर्ट्स की मानें तो दीपिका की फीस बढ़ोतरी और शिफ्ट टाइमिंग को लेकर विवाद खड़ा हुआ। कहा जा रहा है कि उन्होंने 25 प्रतिशत से भी ज्यादा फीस बढ़ाने और सिर्फ 7 घंटे की शिफ्ट में काम करने की शर्त रखी थी। शुरुआत में उन्हें लगा था कि मेकर्स उन्हें रिप्लेस नहीं कर पाएंगे, लेकिन जब उनके मैनेजमेंट की बातचीत आगे बढ़ी तो हालात बदल गए। इसी कारणवश उन्हें फिल्म से बाहर कर दिया गया।
शूटिंग कर ली थी पूरी
इसी बीच यह खबर भी सामने आ रही है कि दीपिका ने कल्कि पार्ट 2 के लिए कुछ शूटिंग पहले ही पूरी कर ली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने पार्ट 1 की शूटिंग के दौरान ही सीक्वल के लगभग 20 दिन का काम निपटा लिया था। खुद डायरेक्टर नाग अश्विन भी कई बार इस बात का जिक्र कर चुके थे। अगला शेड्यूल तय होना बाकी था, जिसे डेट क्लैश की वजह बताया जा रहा था, लेकिन असल में मामला फीस और शर्तों पर आकर अटक गया।
रिप्लेसमेंट का नाम नहीं आया सामने
अब सवाल यह उठता है कि आखिर अब दीपिका की जगह कौन लेगा? क्योंकि फिल्म में उनका किरदार काफी मजबूत और कहानी का अहम हिस्सा है। एक तरफ जहां उन्होंने अपनी मेहनत और टैलेंट से बॉलीवुड और हॉलीवुड में खास पहचान बनाई है, वहीं कल्कि 2898 एडी के सीक्वल से बाहर होना उनके करियर का बड़ा मोड़ साबित हो सकता है। वहीं, मेकर्स के लिए किसी दूसरी अभिनेत्री को इस रोल में फिट करना आसान नहीं होगा। अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी रिप्लेसमेंट का नाम सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि इतनी बड़ी फिल्म के लिए किसी बड़े चेहरे को ही चुना जाएगा।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

