पोरबंदर साइबर क्राइम पुलिस ने बहुचर्चित 163 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक व गैंगस्टर भूरा मुंजा जाडेजा की पत्नी हीरलबा जाडेजा (58) और उसके साथियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। 14 अगस्त 2025 को कोर्ट में पेश की गई इस 3000 पन्नों की चार्जशीट में हीरलबा के सहयोगी हितेश ओडे़दरा (28), अजय उर्फ घोघो चौहान (38), सचिन मेहता (48) सहित कई नाम शामिल हैं। वहीं, पार्थ सोंगेला, मोहन वाजा, राजू परमार, नैतिक मावाणी और दुबई में रह रहे रोजर भाई व आशुभाई की तलाश जारी है। पुलिस ने इन सभी को फरार घोषित किया है।
163 करोड़ का साइबर फ्रॉड मामला
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले से तय साजिश के तहत साइबर फ्रॉड का गिरोह चलाने के लिए अलग-अलग बैंकों में करंट और सेविंग अकाउंट खोले थे। इसके लिए पोरबंदर जिले में डायनेमिक एंटरप्राइज, क्लोथेक्स एंटरप्राइज, AMO एंटरप्राइज, पार्ट वियर और एमवी एंटरप्राइज नाम की फर्जी कंपनियां बनाई गईं। यही नहीं, आरोपियों ने जामनगर और जूनागढ़ जिलों में भी इसी तरह की कई फर्जी फर्में खड़ी कीं, जिनके खातों में देशभर से ठगी का पैसा जमा कराया जाता था। सिर्फ पोरबंदर की इन फर्जी कंपनियों के खातों में ही करीब 163 करोड़ रुपये जमा हुए और अब तक 130 साइबर शिकायतें दर्ज हुई हैं।
जांच में यह भी पाया गया कि ठगी से मिले पैसों की निकासी के लिए आरोपियों ने विभिन्न बैंकों के एटीएम और शाखाओं का इस्तेमाल किया। इस दौरान के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स भी पुलिस ने जुटा लिए हैं, जिससे यह साफ हुआ कि पैसे के लेनदेन के समय सभी आरोपी लगातार संपर्क में रहते थे। इसके अलावा, जिन बैंक खातों का उपयोग हुआ, उन पर अलग-अलग राज्यों से साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं। NCCRP और समन्वय पोर्टल के जरिए इन जानकारियों को एकत्र किया गया है। सभी आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।
ध्यान देने योग्य है कि इस मामले में पहले भी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किए जा चुके हैं। 30 मई 2025 को जूनागढ़ साइबर पुलिस ने हीरलबा जाडेजा, नैतिक मावाणी, सचिन मेहता और हितेश ओडे़दरा के खिलाफ BNS की कई धाराओं और आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया था। कुल 22 बैंक खातों के जरिए बार-बार रुपये मंगवाए गए और खाताधारक की जानकारी के बिना ऑनलाइन ट्रांसफर और निकासी की गई। इस तरह साइबर ठगी का पैसा घूमाकर आर्थिक लाभ कमाया गया। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और कोर्ट में पेश चार्जशीट पर सुनवाई आगे बढ़ाई जाएगी।





