अवैध कारखाने पर ग्वालियर जिला प्रशासन की दबिश, 85 किलो संदिग्ध मावा और पाम ऑयल जब्त

जब्त किए गए मावा और दूध के सभी सैंपलों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Gwalior district administration raids illegal mawa factory

Gwalior district administration raids illegal mawa factory

दिवाली को देखते हुए मिलावटखोरों पर प्रशासन की नजर हैं, जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने निरीक्षण और छापेमारी तेज कर दी है और जहाँ भी अवैध मावा, पनीर आदि मिल रहा है तत्काल उसे सील किया जा रहा है, इसी क्रम में ग्वालियर जिला प्रशासन के राजस्व विभाग और खाद्य विभाग की संयुक्त टीमों ने भंवरपुरा और सिकरावली में दबिश देकर 85 किलो संदिग्ध मावा और पाम ऑयल जब्त किया है।

जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारी सीजन और मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार, 4 नवंबर को बड़ी कार्रवाई की। अनुविभागीय अधिकारी (SDM) महोदय के निर्देशन में राजस्व दल और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने भंवरपुरा और सिकरावली गांवों में संचालित अवैध मावा कारखानों पर औचक दबिश दी। इस दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध मावा और मिलावट में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई है।

बिना लाइसेंस चलते मिले कारखाने

मुखबिर की सूचना के आधार पर प्रशासन की टीमें पहले ग्राम भंवरपुरा पहुंची, टीमों ने यहाँ राकेश सिंह गुर्जर के कारखाने का औचक निरीक्षण किया। टीम को जांच के दौरान कोई फूड लाइसेंस नहीं मिला यानि जाँच के दौरान कारखाना बिना किसी वैध फूड लाइसेंस के संचालित होता मिला, टीम ने यहाँ से मावा के दो और दूध का एक सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया। साथ ही, मौके से 35 किलो संदिग्ध मावा जब्त कर आरोपी से बॉन्ड भरवाया ।

टीम ने आरोपी से भरवाए बॉन्ड

इसके बाद टीम ने भंवरपुरा में ही बीरबल गुर्जर के कारखाने की जांच की। यहां भी खाद्य विभाग का कोई लाइसेंस नहीं मिला। टीम ने कारखाने के गोदाम से मावा के दो और दूध का एक सैंपल लेने के साथ-साथ पाम ऑयल  के टीन और कुछ अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद हुई। टीम ने यहां से 50 किलो मावा जब्त किया और बॉन्ड भरवाया।

सिकरावली में भी जारी रही कार्रवाई

जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने भंवरपुरा के बाद ग्राम सिकरावली में कार्रवाई की, टीम ने बंटी गुर्जर के कारखाने पर दबिश दी, यहाँ से दूध और मावा का एक-एक सैंपल लिया और जांच के लिए भेज दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मिलावटखोरों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जब्त किए गए सभी सैंपलों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक और न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews