ग्वालियर: ग्वालियर जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में स्कूल बस चालक पर फायरिंग की सनसनीखेज वारदात के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीनों को नाका चंद्रबदनी से पकड़ा। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली गई है।
घटना शनिवार सुबह उस समय हुई थी, जब बच्चों को लेकर स्कूल जा रही बस को रास्ते में एक स्विफ्ट कार के कारण रुकना पड़ा। पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने बस रोकने के बाद कार को धक्का लगाने के बहाने चालक को नीचे बुलाया और फिर उस पर कट्टे से 2 से 3 फायर कर दिए। हमले में चालक घायल हो गया था।
सीसीटीवी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान आरोपियों के नाका चंद्रबदनी क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को स्विफ्ट कार सहित धरदबोचा।

एक आरोपी अभी फरार
फायरिंग की वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों से घटना में इस्तेमाल अवैध हथियार को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।
सुबह हुई इस घटना के समय बस में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद थे। फायरिंग से बच्चों में दहशत फैल गई थी। अब तीनका आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का फोकस फरार आरोपी और वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी पर है।
डबरा से अरुण रजक की रिपोर्ट





