Hindi News

एल्विश यादव के घर फायरिंग की जिम्मेदारी भाऊ गैंग ने ली, बदला लेने की धमकी दी

Written by:Vijay Choudhary
Published:
एल्विश यादव के घर फायरिंग की जिम्मेदारी भाऊ गैंग ने ली, बदला लेने की धमकी दी

एल्विश यादव के पिता ने जानकारी दी कि सुबह करीब 5 बजे घर पर करीब 25 से 30 राउंड फायरिंग की गई। यह गोलीबारी उनके गुरुग्राम स्थित घर के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर की तरफ की गई। वारदात के वक्त एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे, वे भोपाल गए हुए थे। घर पर उनके परिवार वाले थे, जो उस समय सो रहे थे। गोलीबारी की पूरी घटना CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें तीन हमलावर नजर आ रहे हैं – एक व्यक्ति बाइक पर दूर खड़ा था, जबकि दो लोग घर के सामने खड़े होकर गोलियां चला रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। फिलहाल घर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात है और मामले की जांच जारी है।

भाऊ गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी

इस हमले की जिम्मेदारी खुद भाऊ गैंग ने ली है। सोशल मीडिया पर नीरज फरीदपुर और भाऊ रितौलिया ने एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि फायरिंग उन्हीं के कहने पर कराई गई। पोस्ट में लिखा गया कि एल्विश यादव ने बेटिंग ऐप्स को प्रमोट कर कई घर बर्बाद किए हैं और अब इसकी कीमत उन्हें चुकानी पड़ेगी। इस तरह का बयान न सिर्फ गंभीर है, बल्कि यह इशारा करता है कि सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स अब गैंगस्टरों के निशाने पर आ गए हैं।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हमले

एल्विश यादव पर हुआ हमला कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी सोशल मीडिया से जुड़े लोगों पर गुरुग्राम में हमले हो चुके हैं। 15 जुलाई को फेमस सिंगर राहुल फाजिलपुरिया की कार पर फायरिंग हुई थी। 6 अगस्त को राहुल के करीबी सहयोगी और फाइनेंसर रोहित शौकीन की दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर सुनील सरधानिया ने ली थी, जो हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़ा बताया जाता है। इन घटनाओं ने गुरुग्राम पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या एल्विश यादव हैं गैंगस्टरों के अगले निशाने पर?

एल्विश यादव देश के सबसे पॉपुलर यूट्यूबर्स में से एक हैं और ‘बिग बॉस ओटीटी’ जीतने के बाद से उनकी पहचान और भी बढ़ी है। लेकिन जिस तरह से हाल के दिनों में सोशल मीडिया से जुड़े चेहरों पर हमले बढ़े हैं, इससे डर का माहौल बन गया है।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या एल्विश यादव गैंगस्टरों के अगला टारगेट हैं?
यदि हां, तो गुरुग्राम पुलिस को अब और ज्यादा सतर्क होने की जरूरत है। सोशल मीडिया से जुड़े लोगों को लेकर सुरक्षा की नई रणनीति बनाई जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।